LOADING...
बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामले में मेटा पर लगा 3,500 करोड़ रुपये का जुर्माना
मेटा पर अमेरिका में लगा 3,500 करोड़ रुपये का जुर्माना

बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामले में मेटा पर लगा 3,500 करोड़ रुपये का जुर्माना

Mar 25, 2026
09:57 am

क्या है खबर?

फेसबुक की मूल कंपनी मेटा पर अमेरिका में एक अदालत ने भारी जुर्माना लगाया है। न्यू मेक्सिको में एक जूरी ने कंपनी को कंज्यूमर प्रोटेक्शन कानूनों का उल्लंघन करने का दोषी पाया। इसके बाद मेटा पर 37.5 करोड़ डॉलर (लगभग 3,500 करोड़ रुपये) का जुर्माना लगाया गया है। यह मामला बच्चों की सुरक्षा और ऑनलाइन जोखिमों से जुड़ा था। जूरी ने सभी आरोपों में मेटा को जिम्मेदार माना और फैसला कंपनी के खिलाफ सुनाया गया।

मामला

क्या है मामला?

यह केस साल 2023 में न्यू मेक्सिको के अटॉर्नी जनरल ने दायर किया था। आरोप था कि मेटा को पता था कि उसके प्लेटफॉर्म पर बच्चों को शोषण और मानसिक नुकसान का खतरा है। इसके बावजूद कंपनी ने जरूरी सुरक्षा कदम नहीं उठाए। जूरी ने माना कि मेटा ने लोगों को अपनी सेवाओं की सुरक्षा के बारे में गुमराह किया और सही जानकारी नहीं दी, जिससे कानून का उल्लंघन हुआ।

खुलासा

अंदरूनी दस्तावेजों से खुलासा

ट्रायल के दौरान कई ऐसे दस्तावेज सामने आए, जिनसे पता चला कि कंपनी को समस्याओं की जानकारी थी। इनमें ईमेल और रिसर्च शामिल थे, जिनमें बच्चों पर पड़ने वाले मानसिक असर, गलत कंटेंट और ऑनलाइन खतरों की बात की गई थी। वकीलों ने कहा कि कंपनी को इन खतरों की जानकारी थी, लेकिन उसने सार्वजनिक तौर पर सुरक्षा को लेकर अलग तस्वीर पेश की और जरूरी कदम समय पर नहीं उठाए।

Advertisement

जवाब

मेटा का जवाब और आगे की कार्रवाई

मेटा ने इस फैसले से असहमति जताई है और कहा है कि वह इसके खिलाफ अपील करेगी। कंपनी का कहना है कि वह यूजर्स की सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। वहीं, यह मामला अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। आने वाले समय में एक और ट्रायल होगा, जिसमें मेटा को 'पब्लिक समस्या' घोषित करने पर विचार किया जाएगा। इस फैसले पर देशभर में करीब से नजर रखी जा रही है।

Advertisement