मेटा ने करीब 55 करोड़ रुपये के जुर्माने के आदेश को दी चुनौती
इंस्टाग्राम और फेसबुक की मूल कंपनी मेटा एक मुकदमे में आए 60 लाख डॉलर (करीब 56 करोड़ रुपये) के जुर्माने के फैसले के खिलाफ अपील कर रही है।
एक ज्यूरी ने मेटा और यूट्यूब को सोशल मीडिया एडिक्शन के लिए जिम्मेदार ठहराया था। यह मामला 20 साल की कैली ने दायर किया, जिसका आरोप था कि इन प्लेटफॉर्म के फीचर्स ने उसे लत का शिकार बना दिया और उसके मानसिक स्वास्थ्य को और खराब कर दिया।
ज्यूरी ने उसे मुआवजे के तौर पर 30 लाख डॉलर (करीब 28 करोड़ रुपये) देने का फैसला सुनाया और कंपनी को सबक सिखाने के लिए 30 लाख डॉलर की अतिरिक्त राशि देने की भी सिफारिश की है।
इनफिनिट स्क्रॉल और ऑटोप्ले फीचर्स पर निशाना
यह मुकदमा मुख्य रूप से 'इनफिनिट स्क्रॉल' और 'ऑटोप्ले' जैसे फीचर्स पर केंद्रित था। मुकदमे में तर्क दिया गया कि इन फीचर्स को यूजर्स को प्लेटफॉर्म पर बांधे रखने के लिए ही डिजाइन किया गया है।
मेटा और गूगल ने इस फैसले को पलटने की कोशिश की, लेकिन उनकी याचिका खारिज हो गई। इसलिए अब वे अपील का रास्ता अपना रहे हैं।
दूसरी तरफ, मेटा एक और मामले में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े 37.50 करोड़ डॉलर (करीब 3,525 करोड़ रुपये) के भारी जुर्माने का सामना कर रही है, जबकि टिक-टॉक और स्नैप ने मुकदमे से पहले ही ऐसे ही दावों में समझौता कर लिया था।