फेसबुक और इंस्टाग्राम की मूल कंपनी मेटा ने इस साल की पहली छमाही में भारत में 54.4 लाख से ज्यादा आपत्तिजनक कंटेंट हटाया है। यह आंकड़ा पहले के मुकाबले बहुत ज्यादा है।
कंटेंट हटाने में यह उछाल तब आया, जब भारत ने फरवरी में अपने IT नियमों में बदलाव किया।
इन नए नियमों के तहत अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को किसी भी आपत्तिजनक या फ्लैग किए गए कंटेंट को केवल 2 घंटे के भीतर हटाना जरूरी है।
कंटेंट हटाने के मामले में दूसरे नंबर पर भारत
अब मेटा द्वारा कंटेंट हटाने के मामले में भारत दुनियाभर में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। वैश्विक स्तर पर कंपनी, जितनी भी कंटेंट हटाती है, उसका लगभग 5वां हिस्सा भारत से आता है।
कंटेंट हटाने के ये अनुरोध कई सरकारी संस्थाओं से मिले हैं। इनमें इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY), सूचना और प्रसारण मंत्रालय (MIB), भारतीय साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) और राज्य की कानून प्रवर्तन एजेंसियां शामिल हैं।
इनके अलावा, ऑटोमेटेड सिस्टम और दूसरे कानूनी नोटिसों के जरिए भी मेटा को कंटेंट हटाने के लिए कहा गया है। MeitY ने 10 अक्टूबर को मेटा को एक सलाह भी भेजी थी। इस सलाह में कंपनी को सचेत किया गया था कि वह यह पक्का करे कि उसके 'रिकमेंडेशन सिस्टम' से यूजर्स को किसी एक या कुछ खास तरह की बातों का ही ज्यादा सामना न करना पड़े।
मंत्रालय ने मेटा को यह भी निर्देश दिया कि वह कुछ खास कंटेंट के लिए जरूरी जानकारी (कॉन्टेक्स्ट) दे और बढ़ी हुई सतर्कता बरते।