मेटा के AI चैटबॉट में खामी, व्हाइट हाउस इंस्टाग्राम अकाउंट समेत निशाने पर कई प्रोफाइल
क्या है खबर?
मेटा के AI सपोर्ट चैटबॉट फीचर का उपयोग करके हैकर्स अकाउंट हैक करने का प्रयास कर रहे हैं। 404 मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इस तरीके से कई हाई-प्रोफाइल इंस्टाग्राम अकाउंट्स को निशाना बनाया गया। इनमें बराक ओबामा के कार्यकाल से जुड़ा व्हाइट हाउस का इंस्टाग्राम अकाउंट भी शामिल बताया गया। मामला सामने आने के बाद मेटा ने कहा कि तकनीकी कमी को ठीक कर दिया गया है और प्रभावित अकाउंट्स को सुरक्षित किया जा रहा है।
फायदा
हैकर्स ने ऐसे उठाया फायदा
रिपोर्ट के मुताबिक, हैकर्स AI सपोर्ट चैटबॉट तक पहुंचे और उसे नए ईमेल एड्रेस जोड़ने के लिए तैयार कर लिया। इसके बाद उसी ईमेल पर वेरिफिकेशन कोड भेजा गया और पासवर्ड रीसेट का विकल्प मिल गया। कुछ मामलों में लोकेशन छिपाने के लिए VPN का इस्तेमाल भी किया गया। बताया गया कि इस तरीके से बिना फोन या असली ईमेल तक पहुंचे भी अकाउंट का कंट्रोल हासिल किया जा सकता था।
अकाउंट
कई बड़े अकाउंट बताए गए निशाने पर
रिपोर्ट में कहा गया कि बराक ओबामा के दौर के व्हाइट हाउस अकाउंट के अलावा कुछ दूसरे बड़े इंस्टाग्राम हैंडल भी निशाने पर आए। रेडिट और एक्स पर भी कई यूजर्स ने ऐसी शिकायतों को साझा किया है। सुरक्षा विशेषज्ञों ने इस तकनीकी कमी को सामने लाने का दावा किया। इसके बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आया। हालांकि, अभी तक मेटा ने प्रभावित अकाउंट्स की कुल संख्या के बारे में जानकारी नहीं दी है।
चिंता
यूजर्स के बीच बढ़ी चिंता
मेटा का कहना है कि अब इस तकनीकी कमी को ठीक कर दिया गया है। कंपनी प्रभावित यूजर्स के अकाउंट फिर से सुरक्षित करने में जुटी है। इस घटना के बाद AI आधारित सुरक्षा फीचर्स को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि पासवर्ड और अकाउंट रिकवरी जैसे जरूरी कामों में AI पर कितना भरोसा किया जाए। आने वाले समय में इस पर और चर्चा हो सकती है।