ब्रिटेन के 5 लाख नागरिकों का मेडिकल डाटा हुआ लीक, चीन की वेबसाइट पर बिक रहा
क्या है खबर?
ब्रिटेन में बायोबैंक का बड़ा डाटा लीक होने का मामला सामने आया है। करीब पांच लाख लोगों का मेडिकल डाटा ऑनलाइन बिक्री के लिए डाल दिया गया था। सरकार ने बताया कि यह डेटा चीन के अलीबाबा ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर कुछ विक्रेताओं द्वारा लिस्ट किया गया था। हालांकि, समय रहते इन लिस्टिंग को हटा दिया गया। अब सरकार इस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि डेटा लीक कैसे हुआ।
संवेदनशील
संवेदनशील जानकारी थी शामिल
सरकार और बायोबैंक का कहना है कि इस डाटा में नाम, पता या फोन नंबर जैसी निजी पहचान वाली जानकारी शामिल नहीं थी। इसमें उम्र, लिंग, जीवनशैली, स्वास्थ्य स्थिति और बायोलॉजिकल सैंपल से जुड़ी जानकारी थी। अधिकारियों ने कहा कि इस डाटा से सीधे किसी व्यक्ति की पहचान करना आसान नहीं है, लेकिन पूरी तरह से यह कहना भी संभव नहीं है कि पहचान बिल्कुल नहीं हो सकती।
डाटा सेट
कैसे जुटाया गया था यह बड़ा डाटा सेट?
बायोबैंक ने 2006 से 2010 के बीच 40 से 69 साल के करीब पांच लाख लोगों को इस प्रोजेक्ट में शामिल किया था। लोगों से उनकी जीवनशैली, स्वास्थ्य और खानपान से जुड़ी जानकारी ली गई थी। इसके साथ ही खून, यूरिन और अन्य सैंपल भी लिए गए थे। यह डाटा रिसर्च के लिए इस्तेमाल होता है और कई बीमारियों जैसे कैंसर और डिमेंशिया की समझ बढ़ाने में मदद करता रहा है।
कार्रवाई
जिम्मेदार संस्थानों पर कार्रवाई
सरकार ने बताया कि यह डाटा कुछ रिसर्च संस्थानों द्वारा सही तरीके से डाउनलोड किया गया था, लेकिन बाद में इसका गलत इस्तेमाल हुआ। अब उन संस्थानों की पहुंच रोक दी गई है और जांच जारी है। बायोबैंक ने कहा कि यह कॉन्ट्रैक्ट का साफ उल्लंघन है और सुरक्षा को और मजबूत किया जा रहा है। फिलहाल प्लेटफॉर्म की एक्सेस को अस्थायी रूप से सीमित किया गया है ताकि भविष्य में ऐसी घटना न हो।