मीडियाटेक और स्टारलिंक की साझेदारी, सैटेलाइट से मिलेगा इमरजेंसी अलर्ट
क्या है खबर?
चिप बनाने वाली कंपनी मीडियाटेक एलन मस्क की स्टारलिंक मोबाइल के साथ मिलकर सैटेलाइट के जरिए इमरजेंसी अलर्ट मैसेज की सुविधा देने पर काम कर रही है। इस तकनीक का मकसद यह है कि आपात स्थिति में लोगों को तुरंत चेतावनी संदेश मिल सके। कंपनी ने बताया कि अब तक 44 लाख से ज्यादा लोग इमरजेंसी के दौरान स्टारलिंक मोबाइल सेवा का इस्तेमाल कर चुके हैं। यह सुविधा कई देशों में पहले से ही उपलब्ध है।
खासियत
नेटवर्क न होने पर भी मिलेगा अलर्ट
कंपनी के अनुसार, यह नई तकनीक तब भी काम कर सकेगी जब यूजर मोबाइल टावर की रेंज से बाहर होगा। यानी अगर किसी इलाके में नेटवर्क उपलब्ध नहीं है तब भी सैटेलाइट के जरिए अलर्ट मैसेज फोन तक पहुंच सकेगा। इस फीचर को मीडियाटेक के M90 मॉडेम वाले डिवाइस पर दिखाया गया। यह मॉडेम आधुनिक कनेक्टिविटी तकनीक को सपोर्ट करता है और आपात स्थिति में लोगों तक जरूरी जानकारी पहुंचाने में मदद कर सकता है।
अलर्ट मैसेज
अलग-अलग सिस्टम से मिलेंगे अलर्ट मैसेज
मीडियाटेक के अनुसार इस तकनीक के जरिए यूजर्स को तीन अलग-अलग सिस्टम से अलर्ट मिल सकते हैं। इनमें वायरलेस इमरजेंसी अलर्ट (WEA), कमर्शियल मोबाइल अलर्ट सिस्टम (CMAS) और भूकंप व सुनामी चेतावनी प्रणाली (ETWS) शामिल हैं। इन सिस्टम का इस्तेमाल कई देशों में आपदा या खतरे की स्थिति में लोगों को तुरंत चेतावनी देने के लिए किया जाता है, जिससे समय रहते सावधानी बरती जा सके और नुकसान कम किया जा सके।
फीचर
AI ग्लास और एक्सट्रीम जूम फीचर भी दिखाए
मीडियाटेक ने मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस 2026 में कुछ अन्य नई तकनीक को भी पेश किया है। कंपनी ने प्राइवेसी पर ध्यान देने वाले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ग्लास का प्रदर्शन किया, जो स्मार्टफोन चिपसेट की मदद से कई काम कर सकते हैं। इसके अलावा, कंपनी ने स्मार्टफोन के लिए नया 'एक्सट्रीम जूम' फीचर भी दिखाया। कंपनी का दावा है कि यह तकनीक दूर की चीजों को भी काफी साफ तरीके से कैप्चर करने में मदद कर सकती है।