AI में दबदबे के लिए कंपनियों को बनाने होंगे नकल नहीं किए जाने वाले सिस्टम
आज-कल बिजनेस की दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हर तरफ छाया हुआ है। करीब 90 फीसदी संगठन पहले से ही बड़े लैंग्वेज मॉडल्स का इस्तेमाल करके अपनी उत्पादकता बढ़ा रहे हैं।
अब मैकिन्से एंड कंपनी की एक नई रिपोर्ट बताती है कि सिर्फ AI का होना अब काफी नहीं है। अगर, कंपनियों को सच में सबसे अलग दिखना है तो उन्हें अपनी अनोखी तकनीक बनानी होगी। उन्हें अपनी खास डाटा पाइपलाइंस और ऐसे खास मॉडल लाने होंगे, जिनका दूसरी प्रतिद्वंद्वी कंपनियां आसानी से नकल न कर सकें।
रिपोर्ट में उन कंपनियों को दिखाया गया है जो AI को गहराई से जोड़ रही हैं
यह रिपोर्ट उन कंपनियों पर प्रकाश डालती है, जो इस दिशा में बेहतरीन काम कर रही हैं। रेजोल्यूशन लाइफ ने AI की मदद से बीमा दावों को निपटाने का समय हफ्तों से घटाकर सिर्फ कुछ सेकेंड कर दिया।
अमेजन अपने मार्केटप्लेस को बेहतर बनाने के लिए ग्राहकों के डाटा का इस्तेमाल कर रहा है, वहीं माइक्रोसॉफ्ट का ड्रैगन कोपायलट चिकित्सकों को कागजी काम में कम वक्त लगाने और मरीजों के साथ ज्यादा वक्त बिताने का मौका दे रहा है। AI को अपने बिजनेस के साथ इस तरह गहराई से जोड़ा जा रहा है, जो आपके काम के हिसाब से फिट बैठे। यही कंपनियों को आगे बढ़ा सकता है।