2031 तक AI असिस्टेंट संभालेंगे लोगों की पूरी जिंदगी, मार्क जुकरबर्ग का दावा
मेटा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मार्क जुकरबर्ग का कहना है कि 2031 तक अरबों लोगों के पास अपने-अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) असिस्टेंट होंगे। ये उनके पैसे, सेहत, रिश्ते और घर के कामों को आसानी से संभालेंगे।
जुकरबर्ग इस बदलाव को लेकर इतने आश्वस्त हैं कि उनका मानना है कि ऐसा हो ही नहीं सकता कि तब तक हम सभी ऐसे AI का इस्तेमाल न कर रहे हों, जो हमारी जरूरतों को ठीक से समझ सकें।
मेटा का व्हाट्सऐप इस दिशा में पहले से ही कदम बढ़ा रहा है। हाल ही में ग्लोबल रोलआउट होने के बाद से 10 लाख से भी ज्यादा बिजनेस व्हाट्सऐप और मैसेंजर पर AI टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं।
मेटा और ब्लैक रॉक बना रहे डाटा सेंटर
इन सब बातों को हकीकत में बदलने के लिए मेटा अपनी तकनीक में बड़ा निवेश कर रही है। इसी कड़ी में उसने ब्लैक रॉक के साथ हाथ मिलाया है और टेक्सास में 14 अरब डॉलर (करीब 1,300 अरब रुपये) का एक डाटा सेंटर बना रहा है।
मेटा का मकसद AI सेवाओं को अपने भविष्य का बड़ा हिस्सा बनाना है। यह सब ऐसे समय में हो रहा है, जब AI की लागत लगातार बढ़ती जा रही है।