महिंद्रा की EV में पेश हुआ गूगल जेमिनी AI, अब आपकी कार करेगी आपसे बात
महिंद्रा ने गूगल क्लाउड के साथ मिलकर अपनी नई इलेक्ट्रिक SUV BE 6 स्पोर्टेक में जेमिनी एंटरप्राइज पर बना एक ऑटोमोटिव एजेंट शामिल किया है।
इसके साथ ही महिंद्रा इस आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करने वाली भारत की पहली कार कंपनी बन गई है। इस पहल से महिंद्रा AI (MAI) प्लेटफॉर्म और भी बेहतर हो जाएगा।
इससे ड्राइवर अपनी गाड़ी से बिल्कुल इंसानों की तरह बात कर पाएंगे, जिससे उनका ड्राइविंग अनुभव ज्यादा आसान और स्मार्ट बनेगा।
आवाज से कंट्रोल करने की सुविधा
जेमिनी से लैस MAI की मदद से आप अपनी गाड़ी के कई फीचर्स सिर्फ अपनी आवाज से कंट्रोल कर सकते हैं। आप AC, लाइट्स, विंडोज और म्यूजिक जैसी चीजें बोलकर नियंत्रित कर सकते हैं।
यह आपको मौसम की ताजा जानकारी देगा, रास्ते के लिए दिशा-निर्देश देगा और गाड़ी से जुड़ी जानकारी भी बताएगा।
अगर, आप गाड़ी की मैनुअल से जुड़ा कोई सवाल पूछते हैं तो MAI उसका भी जवाब दे सकता है। अगर, आप कहते हैं, "MAI, यहां थोड़ी ठंड लग रही है।" MAI खुद ही समझ जाएगा कि उसे AC कम करना है या फिर खिड़कियां खोलनी हैं।
एजेंट गाड़ी के अनुभव को बनाता है बेहतर
महिंद्रा का कहना है कि इस साझेदारी से इलेक्ट्रिक गाड़ियां चलाना ज्यादा सहज और मजेदार बनेगा, वहीं गूगल क्लाउड इसे ऐसे भविष्य की ओर एक बड़ा कदम मानता है, जहां गाड़ियां और भी ज्यादा व्यक्तिगत या पर्सनलाइज्ड हो पाएंगी।
BE 6 स्पोर्टेक तो बस इसकी शुरुआत है। महिंद्रा एक बेहतर और हरित भविष्य के लिए स्मार्ट इलेक्ट्रिक गाड़ियों के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रही है।