मराठवाड़ा एक्सिलरेटर फॉर ग्रोथ एंड इनक्यूबेशन काउंसिल (MAGIC) ने AIMM 2026 नाम की एक देशव्यापी प्रतियोगिता शुरू की है। इसमें ऐसे नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विचारों की तलाश की जा रही है, जो मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर और हमारी रोजमर्रा की जिंदगी में बड़े बदलाव ला सकें।
इस प्रतियोगिता में स्टार्टअप्स, छात्र, नए बिजनेस शुरू करने वाले उद्यमी, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम और शोध टीम हिस्सा ले सकती हैं।
ये सभी स्मार्ट टेक्नोलॉजी की मदद से असल दुनिया की समस्याओं को हल करने के लिए तैयार हैं। प्रतियोगिता में कुल 7 लाख रुपये का इनाम रखा गया है, जिससे लोग नए और रचनात्मक विचार लाने के लिए प्रेरित होंगे।
शुरुआती प्रोटोटाइप वाले ले सकते हैं भाग
अगर, आपके पास कोई शुरुआती प्रोटोटाइप (MVP) है या फिर ऐसा कोई उत्पाद, जिससे पहले से कमाई हो रही है तो आप इसमें भाग ले सकते हैं।
इसका मतलब है कि चाहे आप अभी अपने विचार पर काम शुरू कर रहे हों या उसे काफी आगे बढ़ा चुके हों, आप इसमें हिस्सा ले सकते हैं।
विजेताओं को केवल नकद इनाम ही नहीं मिलेगा। कुछ टीमों को तो सीड फंडिंग सपोर्ट भी मिल सकता है और मैजिक के जरिए इन्क्यूबेशन का मौका भी मिलेगा।
इस प्रतियोगिता के लिए आवेदन 7 दिसंबर तक खुले हैं। अगर, आपके पास AI से जुड़ा कोई बेहतरीन विचार है तो यह उसे दुनिया के सामने लाने का एक शानदार मौका है।