मेड बाय गूगल इवेंट का हुआ ऐलान, 13 अगस्त को लॉन्च होगी पिक्सल 11 सीरीज
क्या है खबर?
गूगल ने अपने अगले मेड बाय गूगल इवेंट की तारीख का ऐलान कर दिया है। इस इवेंट में कंपनी गूगल पिक्सल 11 सीरीज समेत कई नए प्रोडक्ट और AI से जुड़े फीचर्स पेश कर सकती है। भारतीय समयानुसार यह इवेंट 13 अगस्त को सुबह 3:30 बजे आयोजित किया जाएगा। कंपनी की ओर से जारी टीजर में नए पिक्सल फोन की झलक भी दिखाई गई है, जिससे लॉन्च होने वाले नए डिवाइस को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
डिस्प्ले
डिस्प्ले और दूसरे फीचर्स भी होंगे खास
रिपोर्ट्स के अनुसार, पिक्सल 11 में 6.3 इंच की OLED स्क्रीन मिल सकती है, जबकि प्रो और प्रो XL मॉडल में बेहतर LTPO OLED डिस्प्ले दिए जाने की उम्मीद है। पिक्सल 11 प्रो फोल्ड में बाहरी और अंदर की बड़ी फोल्डेबल स्क्रीन मिल सकती है। सभी मॉडल में 120Hz रिफ्रेश रेट, अधिक ब्राइटनेस और बेहतर डिस्प्ले क्वालिटी मिलने की संभावना है, जिससे वीडियो देखने और गेमिंग का अनुभव पहले से ज्यादा शानदार हो सकता है।
स्टोरेज
स्टोरेज और रंगों में मिल सकते हैं बड़े बदलाव
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गूगल इस बार पिक्सल 11 सीरीज में 128GB स्टोरेज विकल्प हटाकर 256GB से शुरुआत कर सकता है। वहीं पिक्सल 11 प्रो, पिक्सल 11 प्रो XL और पिक्सल 11 प्रो फोल्ड में पहली बार 1TB तक स्टोरेज मिलने की उम्मीद है। कंपनी नए रंगों के विकल्प भी पेश कर सकती है, जिनमें ग्रे, ब्लैक, पिंक, ग्रीन और व्हाइट जैसे नए शेड शामिल रहने की संभावना जताई जा रही है।
प्रोसेसर
नया प्रोसेसर और बेहतर प्रदर्शन मिलेगा
पिक्सल 11 सीरीज में गूगल का नया टेंसर G6 प्रोसेसर मिलने की उम्मीद है, जो पहले की तुलना में बेहतर प्रदर्शन, कम गर्म होने और लंबी बैटरी लाइफ देने में सक्षम हो सकता है। इसके साथ ही, नया इमेजिंग प्रोसेसर, बेहतर AI क्षमताएं, नया मॉडेम और उन्नत सुरक्षा चिप भी मिलने की संभावना है। इससे फोन की स्पीड, कैमरा और कुल प्रदर्शन में पहले से बेहतर अनुभव मिल सकता है।
कीमत
कीमत बढ़ने की भी जताई जा रही उम्मीद
लीक रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि मेमोरी चिप की कमी के कारण पिक्सल 11 सीरीज की कीमत पहले के मुकाबले बढ़ सकती है। पिक्सल 11 की शुरुआती कीमत लगभग 1.08 लाख रुपये और पिक्सल 11 प्रो की कीमत लगभग 1.29 लाख रुपये रहने की उम्मीद है। वहीं पिक्सल 11 प्रो फोल्ड की शुरुआती कीमत लगभग 2.15 लाख रुपये हो सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी इन कीमतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।