हल्के परमाणुओं से बना ब्रह्मांड का पहला पदार्थ, वैज्ञानिक ने खोला राज
लार्ज हैड्रॉन कोलाइडर (LHC) के वैज्ञानिकों ने एक बड़ी खोज की है। उन्होंने बिग बैंग के तुरंत बाद बनने वाले अत्यधिक गर्म क्वार्क-ग्लूऑन प्लाज्मा के सबूत खोजे हैं।
खास बात यह है कि वैज्ञानिकों ने ऑक्सीजन और नियॉन जैसे हल्के परमाणु नाभिकों को आपस में टकराकर यह असाधारण काम किया है।
यह खोज उस पुरानी सोच को बदल देती है कि इस प्लाज्मा को बनाने के लिए लेड जैसे भारी नाभिकों की ही जरूरत होती है।
ब्रह्मांड निर्माण को समझने में मिलेगी मदद
इस नई खोज से पता चला है कि हल्के परमाणु भी ब्रह्मांड की शुरुआत जैसी बेहद गर्म स्थितियों को फिर से पैदा कर सकते हैं। इससे वैज्ञानिकों को यह समझने के नए रास्ते मिलेंगे कि हमारा ब्रह्मांड कैसे बना?
साथ ही यह भी जानने में मदद मिल सकती है कि हमारा ब्रह्मांड सबसे मूल रूप में किन चीजों से बना है। यह जानकर वाकई रोमांचक लगता है कि हम ब्रह्मांड के कुछ सबसे पुराने और बड़े सवालों के जवाब पाने के और करीब पहुंच गए हैं।