LG ने AI फीचर के साथ लॉन्च की लॉन्ड्री रेंज, होगी बिजली की बचत
LG ने यूरोप में अपना नया प्रोफेशनल लॉन्ड्री रेंज पेश किया है। यह होटल, अस्पताल, लॉन्ड्रोमैट और फैक्ट्रियाें जैसी उन जगहों के लिए तैयार किया गया है, जहां ढेर सारे कपड़े धोने होते हैं।
इन मशीनों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल किया गया है, जिससे काम में और सुधार आ सके और इन्हें दूर से ही मॉनिटर किया जा सके।
इनका मुख्य मकसद बड़े पैमाने पर होने वाले इस काम में समय, बिजली और मेहनत को बचाना है।
लॉन्ड्रीक्रू ऐप से कंट्रोल की सुविधा
ये मशीनें AI वेट डिटेक्शन फीचर के साथ आती हैं, जो पानी और बिजली की खपत को अपने आप सेट कर लेता है। ड्यूल इंवर्टर हीटपंप तकनीक से कपड़े नर्मी से सूखते हैं, वहीं सेंसर ड्राई फीचर यह सुनिश्चित करता है कि वे कभी भी जरूरत से ज्यादा न सूखें।
डायनेमिक बॉल-कोर सिस्टम के कारण मशीन स्थिर रहती है और तेजी से घूमती है, जिससे शोर भी कम होता है। बड़े टचस्क्रीन पर या लॉन्ड्रीक्रू ऐप के जरिए इन्हें कंट्रोल किया जा सकता है।
इसके अलावा, इन्हें बिजनेस के दूसरे प्लेटफॉर्म्स से भी जोड़ा जा सकता है। LG जल्द ही इन स्मार्ट लॉन्ड्री सॉल्यूशंस को एशिया और उत्तरी अमेरिका में भी पेश करने की योजना बना रहा है।