KPMG ने भारत में AI की सफलता के लिए बताई 5 अहम जरूरतें
KPMG की एक नई रिपोर्ट बताती है कि भारत के पास आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और उभरती तकनीकों के साथ आगे बढ़ने का एक बड़ा अवसर है।
हालांकि, इस मौके का पूरा फायदा उठाने के लिए देश को कुशल लोगों, अनुसंधान और विकास (R&D) और बेहतर कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर में अधिक निवेश करने की जरूरत है।
रिपोर्ट इस बात पर भी जोर देती है कि तकनीकी प्रगति को अर्थव्यवस्था और समाज दोनों के लिए वास्तविक लाभ में बदलने के लिए मजबूत डाटा सिस्टम और डिजिटल सार्वजनिक टूल्स का होना बेहद जरूरी है।
UPI की सफलता से प्रेरणा लेने की सलाह
AI को बड़े पैमाने पर सफलतापूर्वक लागू करने के लिए रिपोर्ट ने 5 अहम चीजें बताई हैं। इनमें कुशल वर्कफोर्स, मजबूत R&D, शक्तिशाली कंप्यूटिंग और डाटा इंफ्रास्ट्रक्चर, बढ़ने वाली टेक कंपनियां और एक मजबूत डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल है। रिपोर्ट ने देश के यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) का उदाहरण देते हुए कहा है कि यह इस बात का सबूत है कि कैसे एक अच्छा डिजिटल सिस्टम सब कुछ बदल सकता है।
इसमें सुझाव दिया है कि UPI की इस सफलता से प्रेरणा लेकर भारत को सेमीकंडक्टर और बायोटेक जैसे क्षेत्रों में भी ऐसी ही रणनीति अपनानी चाहिए, ताकि वह वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे रह सके।