फिल्म प्रमाणन बोर्ड की बेवसाइट का डाटा लीक, जानिए क्या हुआ नुकसान
क्या है खबर?
इंटरनेट पर मौजूद वेबसाइट्स दिनों-दिन असुरक्षित होती जा रही हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) में हुए डाटा लीक में 500 से ज्यादा फिल्मों के सर्टिफिकेशन रिकॉर्ड उजागर हो गए हैं। इस लीक हुए डाटा में स्क्रिप्ट, कट ऑर्डर और वे अन्य दस्तावेज शामिल हैं, जिन्हें निर्माताओं ने अपनी फिल्मों को सिनेमाघरों में रिलीज करने की मंजूरी पाने के लिए जमा किया था। इनमें से कुछ संवेदनशील व्यावसायिक जानकारी भी हो सकती है।
पोर्टल
प्रमाणन के लिए बनाया गया था पोर्टल
CBFC ई-सिनेप्रमाण नाम के एक ऑनलाइन पोर्टल का इस्तेमाल करता है, जिसे एक दशक पहले अपने प्रमाणन (सर्टिफिकेशन) के काम को डिजिटल बनाने के लिए शुरू किया गया था।
फिल्म निर्माता प्रमाणन के लिए आवेदन करते समय इसी पोर्टल के जरिए दस्तावेज जमा करते हैं।
अब द हिंदू की एक रिपोर्ट के अनुसार, जो दस्तावेज सार्वजनिक हो गए हैं, वे इसी पोर्टल के जरिए एक्सेस किए गए थे। ये दस्तावेज कई दिनों तक लोगों की पहुंच में रहे।
नुकसान
लीक से यह जानकारी हुई उजागर
लीक हुई फाइल्स फिल्में नहीं थीं, बल्कि ये कथित तौर पर शूटिंग स्क्रिप्ट, कट ऑर्डर और अन्य दस्तावेज थे, जिन्हें सर्टिफिकेशन प्रक्रिया के दौरान जमा किया गया था।
ये रिकॉर्ड इंटरनेट आर्काइव के जरिए डाउनलोड के लिए उपलब्ध थे, जो एक गैर-लाभकारी डिजिटल लाइब्रेरी है और ऑनलाइन कंटेंट को सुरक्षित रखती है।
इन स्क्रिप्ट्स और सर्टिफिकेशन के विवरण से ऐसी जानकारी सामने आ सकती है, जिसे निर्माता फिल्म की रिलीज से पहले सार्वजनिक नहीं करना चाहेंगे।