टाइम-पास के साथ-साथ बढ़ानी है जानकारी? खेल सकते हैं ये लोकप्रिय वर्डल गेम्स

गेसिंग वर्ड गेम्स हर उम्र के लोगों को पसंद आते हैं, चाहे वो बच्चे हों या बड़े। सही शब्द का पता लगाना, अक्षरों को सही क्रम में रखकर शब्द बनाना या अक्षरों को जोड़कर नए शब्द बनाना, ये सभी वर्डल गेम्स हैं। पहले हम क्रॉसवर्ड्स गेम्स को ऑफलाइन कार्डबोर्ड पर खेलते थे। अब ये गेम्स कार्डबोर्ड के बजाय ऑनलाइन खेले जा रहे हैं। आइए जानें कुछ ऐसे वर्डल गेम्स के बारे में जो आपको बोर नहीं होने देंगे।
एब्सर्डल, वायरल वर्डल गेम्स के सबसे कठिन वर्जन्स में से एक है। इस गेम में AI एक शब्द बनाने का मौका देता है, जो उसने आपके लिए चुना है। इसमें आपको सही शब्द जानने के लिए 10 से 15 मौके मिलेंगे। चलिए, जानें यह गेम कैसे काम करता है। मान लीजिए AI ने आपके लिए BOOZY शब्द चुना है और आपने BOOKY शब्द लिखा है तो आपको B,O,O और Y हरे रंग में दिखेंगे और K ग्रे रंग में दिखेगा।
एब्सर्डल में आपके द्वारा चुने गए अक्षरों के हरे दिखने का मतलब है कि आपने शब्द के अक्षर और उनकी जगह, दोनों का सही अनुमान लगाया है। वहीं, अगर अक्षर सही है लेकिन उनकी जगह गलत है तो वह अक्षर पीले रंग में दिखता है।
वर्डल कप एक टूर्नामेंट स्टाइल गेम है ,जो समय आधारित है और इसमें स्कोरशीट होती है। इसमें खिलाड़ी पब्लिक गेम्स में हिस्सा ले सकते हैं और अपना खुद का रूम बनाकर इसे दोस्तों के साथ भी खेल सकते हैं। इस गेम में खिलाड़ियों को इस बात का ध्यान रखना होगा कि वे गेम अपने विरोधी से कम समय में पूरा करें। गेम का टाइम फैक्टर इस खेल को मजेदार और चुनौतीपूर्ण बनाता है।
ये गेम्स भी एब्सर्डल की तरह ही हैं। सही अक्षर और जगह को चुनने पर वह हरे रंग में दिखाई देंगे। गेम में मिलने वाले शब्द पांच अक्षरों के होंगे। डॉर्डल में आपको सात बार मौका मिलता है ताकि आप सही शब्द की पहचान कर पाएं। वहीं, क्वार्डल में आपको नौ मौके दिए जाते हैं। ये कॉइंस पर आधारित गेम्स हैं जिसमें जीतने पर 20 कॉइंस मिलते हैं। इनका इस्तेमाल गेम्स में हिंट्स के लिए किया जा सकता है।
अगर आप वर्ड गेम को कई भाषाओं में खेलना पसंद करते है तो वर्डलगेम आपके लिए एक बेहतर विकल्प है। वर्डलगेम एक ऐसी साइट है जहां आप अलग-अलग सेटिंग्स के साथ इस गेम को खेल सकते हैं। इनमें आप शब्दों की लंबाई निर्धारित करने के साथ ही अपनी भाषा भी बदल पाएंगे। गेम के शब्द चार अक्षरों जितने छोटे या 11 अक्षरों जितने बड़े हो सकते हैं। वर्डलगेम स्पैनिश, फ्रेंच, अंग्रेजी के साथ कई अन्य भाषाओं में उपलब्ध है।
वर्डल अनलिमिटेड चार अक्षरों से बने शब्द पर आधारित गेम है। यह गेम भी हरे और पीले बॉक्स के नियम पर खेला जाता है। सही अक्षर और जगह चुनने पर वह हरे रंग में दिखता है, जबकि सही अक्षर लेकिन गलत जगह चुनने पर वह पीले रंग में दिखता है। इस गेम में आप खुद शब्द बनाकर अपने दोस्तों तो चुनौती भी दे सकते हैं। सही शब्द पहचानने के लिए आपको छह मौके मिलते हैं।
वर्ल्डल एक देश-आधारित वर्ड गेम है, इसमें आपको शब्दों के बजाय देशों के नामों का पता लगाना होता है। इस गेम में आपको पिछले गेम्स की तरह हरे या पीले रंग के बॉक्स नहीं मिलते हैं। इसमें आपको एक देश का मैप दिखाया जाता है, जिसे आपको पता करना है। इसके साथ ही गेम में आपको उस देश की अन्य देशों से दूरी और दिशा जैसे भौगोलिक संकेत भी मिलते हैं, जिनसे आपको अनुमान लगाना होता है।
अगर आप BTS के प्रशंसक हैं तो BTS वर्ड गेम आपके लिए ही बनाया गया है। इस गेम में आपसे BTS से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं, जिसमें आपको हिंट्स के लिए कुछ अक्षर और सवाल से जुड़ी एक तस्वीर भी आपको दिखाई देगी। इन अक्षरों को जोड़कर आपको पूछे गए सवाल का जवाब देना होता है। अगर आपका जवाब सही होता है तो गेम अगले स्तर पर जाएगा और इसी तरह से गेम आगे बढ़ता जाएगा।