KLH हैदराबाद और HCL ने लॉन्च किया देश का पहला एजेंटिक AI कैंपस
KLH हैदराबाद ने HCL ग्रुप आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) लैब्स के साथ मिलकर देश का पहला एजेंटिक AI कैंपस लॉन्च किया है। इसका मकसद AI को छात्रों की पढ़ाई और उनके जीवन का अहम हिस्सा बनाना है।
इस कैंपस के जरिए छात्रों को असल दुनिया के प्रोजेक्ट्स पर काम करने का मौका मिलेगा। वे समझेंगे कि बिजनेस में AI का इस्तेमाल कैसे होता है और अपनी पढ़ाई को कंपनियों की जरूरतों से कैसे जोड़ सकते हैं? KL यूनिवर्सिटी के उपाध्यक्ष एर कोनेरू लक्ष्मण हविश ने इस मौके पर कहा, "हम चाहते हैं कि छात्र AI के इस्तेमाल को अपने पसंदीदा क्षेत्र में ढालने के लिए आत्मविश्वास और कौशल विकसित करें। HCL ग्रुप AI लैब्स के साथ हमारा यह सहयोग क्लासरूम की पढ़ाई को सीधे प्रैक्टिकल प्रोजेक्ट्स और इंडस्ट्री के अनुभव से जोड़ेगा। इससे छात्रों को असल दुनिया की जरूरतों के लिए स्मार्ट समाधान बनाने का अवसर मिलेगा। हमारा एजेंटिक AI कैंपस बनाने का मुख्य लक्ष्य युवाओं को जिम्मेदारी के साथ नए विचार लाने और लगातार बदल रहे वर्कप्लेस में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए तैयार करना है।"
प्राइवेसी पर भी रहेगा जोर
यह प्रोग्राम केवल तकनीकी कौशल सिखाने पर ही ध्यान नहीं देता, बल्कि इसका मुख्य जोर AI का इस्तेमाल जिम्मेदारी से करने पर है। इसमें खासकर प्राइवेसी और जवाबदेही का पूरा ध्यान रखा जाएगा। यह पहल बचुपल्ली और अजीजनगर दोनों कैंपस में चलाई जा रही है। लॉन्च इवेंट में HCL ग्रुप AI लैब्स के राष्ट्रीय प्रमुख दीपक सरवनन ने औपचारिक रूप से इस पहल का उद्घाटन किया।