13 साल के छात्र ने बुजुर्गों को गिरने से बचाने वाला डिवाइस बनाकर जीती प्रतियोगिता
कैलिफोर्निया के रहने वाले 13 साल के केविन टैंग ने अमेरिका की शीर्ष युवा वैज्ञानिक प्रतियोगिता जीती है। उन्होंने यह खिताब अपने नाम किया और 3M यंग साइंटिस्ट चैलेंज में 25,000 डॉलर (करीब 24 लाख रुपये) का इनाम भी जीता। उनका यह आविष्कार फॉलगार्ड नाम से जाना जाता है।
यह डिवाइस वीडियो एनालिसिस का इस्तेमाल कर लोगों के गिरने का पता लगा लेता है, फिर चाहे रोशनी कम भी क्यों न हो। गिरने का पता चलते ही यह तुरंत एक ऐप के जरिए परिवार के सदस्यों को अलर्ट भेज देती है।
टैंग को गिरने और स्ट्रोक से प्रेरणा मिली
टैंग की इस खोज के पीछे उनके अपने और करीबियों के अनुभव थे। उन्होंने देखा कि घर में अकेले रहने वाले बुजुर्ग अक्सर गिर जाते हैं या उन्हें स्ट्रोक जैसी गंभीर दिक्कतें हो जाती हैं। वह ऐसे बुजुर्गों की मदद करना चाहते थे, ताकि वे सुरक्षित रह सकें।
जब वह 8वीं कक्षा में सीडरलेन एकेडमी में पढ़ रहे थे, तब वह शीर्ष-10 प्रतिभागियों में जगह बनाने में कामयाब रहे। वहां उन्होंने एक वैज्ञानिक मेंटर के साथ मिलकर एक ऐसा प्रोटोटाइप तैयार किया, जो हर साल 1.4 करोड़ से ज्यादा अमेरिकी बुजुर्गों को प्रभावित करने वाली इस समस्या का हल दे सकता है।