केरलम पुलिस लोगों को एक ऐसे नए घोटाले के बारे में सावधान कर रही है, जिसमें नकली SMS मैसेज के जरिए दावा किया जा रहा है कि आप CCTV फुटेज में ट्रैफिक नियम तोड़ते पकड़े गए हैं।
ये मैसेज देखने में भले ही सरकारी और असली लगें और इनमें आपकी गाड़ी का सही नंबर भी लिखा हो, लेकिन असल में इनका मकसद आपको फंसाना होता है।
ये आपको ऐसे लिंक पर क्लिक करने के लिए उकसाते हैं, जिससे आप उस चालान का भुगतान कर दें, जो कभी हुआ ही नहीं।
पुलिस ने दी बचाव की सलाह
अगर, आप गलती से भी ऐसे किसी लिंक पर क्लिक कर देते हैं तो वह आपको मोटर वाहन विभाग (MVD) की एक नकली वेबसाइट पर ले जाता है। वहां आपसे बैंक अकाउंट या कार्ड की जानकारी मांगी जाती है, जिससे आपका पैसा आसानी से चोरी हो सकता है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी अनजान लिंक पर भरोसा न करें। चालान की जानकारी हमेशा परिवहन या ई-चालान जैसी सरकार की आधिकारिक वेबसाइट्स पर ही जांचें।
साथ ही कभी भी किसी अजनबी के साथ अपनी बैंक डिटेल्स या OTP साझा न करें। अगर, दुर्भाग्यवश आप इस धोखाधड़ी का शिकार हो जाते हैं तो तुरंत 1930 पर कॉल करें या मदद के लिए cybercrime.gov.in पर जाकर शिकायत दर्ज करें।