LOADING...
केरल ने शुरू किया बड़ा AI साक्षरता अभियान, 6 लाख अभिभावक होंगे जागरूक
केरल में AI साक्षरता अभियान शुरू किया गया है

केरल ने शुरू किया बड़ा AI साक्षरता अभियान, 6 लाख अभिभावक होंगे जागरूक

Feb 15, 2026
12:37 pm

क्या है खबर?

केरल इंफ्रास्ट्रक्चर एंड टेक्नोलॉजी फॉर एजुकेशन (काइट) ने एक व्यापक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) साक्षरता अभियान शुरू किया है। 'सर्वम AI मयम' (AI सर्वत्र है) नामक यह पहल देश में कार्यान्वित की जा रही AI जागरूकता का अब तक का सबसे बड़ा कार्यक्रम माना जा रहा है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस पहल के तहत लिटिल काइट के IT क्लबों के छात्र राज्य के सरकारी स्कूलों के माध्यम से 6 लाख अभिभावकों को इस तकनीक का प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम 

कब तक चलेगा प्रशिक्षण कार्यक्रम?

केरल में काइट का यह साक्षरता कार्यक्रम 30 जून तक चलने वाला है। इसे 2,200 लिटिल काइट्स यूनिट्स में लागू किया जा रहा है और प्रत्येक यूनिट औसतन 300 अभिभावकों को प्रशिक्षण देगी। 2 घंटे के इस प्रशिक्षण मॉड्यूल को AI से जुड़े अवसरों और जोखिमों दोनों को महत्व देते हुए डिजाइन किया है। प्रशिक्षण मशीन लर्निंग के परिचय से शुरू होगा। यह तकनीक मशीनों को मनुष्यों की तरह डाटा संसाधित करने और निर्णय लेने में सक्षम बनाती है।

रचनात्मकता 

AI की रचनात्मक ताकत का लगेगा पता 

काइट के अनुसार, AI की रचनात्मक शक्ति को दर्शाने के लिए अभिभावकों को ऐसे वीडियो दिखाए जाते हैं, जिनमें राजा रवि वर्मा की क्लासिक पेंटिंग्स को एनिमेशन के माध्यम से जीवंत किया जाता है। उन्होंने बताया कि स्मार्टफोन के जरिए दैनिक जीवन में AI के व्यावहारिक उपयोग पर जोर दिया जाता है। उन्हें AI-आधारित टूल्स का उपयोग करके पक्षियों और पौधों की पहचान करने या तमिल भाषा के साइनबोर्ड को मलयालम में अनुवाद करने का प्रशिक्षण दिया जाता है।

Advertisement

जोखिम 

जोखिम से किया जाएगा सावधान 

इस प्रशिक्षण में AI असिस्टेंस का उपयोग करके कविताएं लिखने, यात्रा कार्यक्रम की योजना बनाने और व्यंजन विधि तैयार करने का व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया जाता है। इसके अलावा यह मॉड्यूल दर्शाता है कि पुरानी तस्वीरों को सुरक्षित और बेहतर बनाने के लिए AI का उपयोग कैसे किया जा सकता है। पाठ्यक्रम में डीपफेक वीडियो, तस्वीरों और क्लोन की गई आवाजों की पहचान करने की विशिष्ट तकनीकें शामिल हैं, जो माता-पिता को स्कैम से बचाने में सक्षम बनाती है।

Advertisement