फेसबुक पर AI ने उजागर कर दिया बच्चे का डाटा, गोपनीयता पर उठे सवाल
अमेरिका की डिजिटल क्रिएटर केली रॉबिन्स ने बताया है कि मेटा के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ने फेसबुक पर उनके बच्चों से जुड़ी निजी जानकारी उजागर कर दी। इस खुलासे के बाद से हर कोई हैरान है।
उन्होंने अपने बच्चे के साथ एक गाना गाते हुए वीडियो पोस्ट किया था, जिसके बाद AI ने उनके बच्चों के नाम, जन्म की जानकारी और सालों पहले उनकी मां के पेज से मिली नवजात की पुरानी तस्वीर भी दिखा दी। उन्हें ऐसी जानकारी सामने आने की बिल्कुल उम्मीद नहीं थी।
डिलीट की गई तस्वीर भी जोड़ी
रॉबिन्स ने यह भी बताया कि AI ने उनकी एक डिलीट की हुई तस्वीर भी ढूंढ निकाली और किसी तरह उनकी पिछली और मौजूदा लोकेशंस को आपस में जोड़ दिया, जबकि उन्होंने वीडियो में कोई लोकेशन शेयर नहीं की थी। उनकी यह कहानी देखकर ऑनलाइन लोग चिंता में पड़ गए हैं कि AI बिखरे हुए पोस्ट्स से कितनी जानकारी इकट्ठा कर सकता है।
अब कई लोग AI के लिए सख्त नियमों और बच्चों के लिए बेहतर ऑनलाइन सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। एक यूजर ने कहा, "यह बेहद डरावना है।"