जापान की अंतरिक्ष एजेंसी (JAXA) ने हाल ही में अपने एक नए रोवर को सबके सामने पेश किया है। इस रोवर के पैर टैंक जैसे हैं और इसे चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर बर्फ खोजने के लिए खास तौर पर तैयार किया गया है।
टोक्यो में हुए एक हालिया प्रदर्शन के दौरान इसने बजरी वाले रास्ते पर पत्थरों और एक नकली गड्ढे को पार किया। इससे यह साबित हुआ कि यह चंद्रमा की ऊबड़-खाबड़ सतह को आसानी से संभाल सकता है।
ल्यूपेक्स मिशन 2028-29 में होगा लॉन्च
यह रोवर ल्यूपेक्स मिशन का हिस्सा है, जिसे जापान और भारत की भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) मिलकर 2028-29 में लॉन्च करने वाले हैं।
इसका मुख्य काम चंद्रमा पर पानी की बर्फ खोजना है। यह एक बड़ी उपलब्धि होगी क्योंकि पृथ्वी से पानी ले जाना बहुत महंगा पड़ता है।
अगर, यह मिशन कामयाब होता है तो उस बर्फ को रॉकेट ईंधन में बदलने की योजना है। इससे भविष्य में अंतरिक्ष की खोज सस्ती और ज्यादा टिकाऊ बन जाएगी। इस रोवर को कम से कम 3.5 महीने तक कड़ी परिस्थितियों में इसकी सहनशक्ति के लिए भी परखा जाएगा।