जापान ने पेश किया डोरिमोन बॉक्स, मिनटों में गर्मी से देगा सुकून
जापान ने बाहर काम करने वाले लोगों को गर्मियों की तपिश से बचाने के लिए एक नया इंतजाम किया है। ट्रस्को नकायामा कॉर्पोरेशन ने डोरिमोन बॉक्स नाम का एक पोर्टेबल कूलिंग बूथ तैयार किया है।
लोग इसके अंदर जाकर कुछ ही मिनटों में ठंडक महसूस कर सकते हैं। निर्माण स्थलों, फैक्ट्रियों और लॉजिस्टिक्स जैसे कामों में लगे लोगों को इससे काफी राहत मिल सकती है।
10 मिनट में बना देगा तरोताजा
बूथ के अंदर का तापमान 15 डिग्री पर आरामदायक रहता है। यह गर्दन, पीठ और सिर पर 5 डिग्री की ठंडी हवा छोड़ता है, जिससे तुरंत राहत मिलती है।
ज्यादातर लोग 5 से 10 मिनट में ही तरोताजा महसूस करने लगते हैं। वैसे एक बार में इसमें 20 मिनट से ज्यादा नहीं रुक सकते। इसे काम की एक से दूसरी जगह ले जाना बहुत आसान है और यह एक सामान्य बिजली के सॉकेट से चल जाता है।
डोरिमोन बॉक्स जापान के उस बड़े प्रयास का हिस्सा है, जिसमें वे कामगारों को जलवायु परिवर्तन की वजह से आने वाली भीषण गर्मियों से बचा रहे हैं। पानी पीने के लिए मिलने वाले ब्रेक और बाकी सुरक्षा उपायों के साथ इसे एक अतिरिक्त सुरक्षा कवच की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है।