एंथ्रोपिक के शोधकर्ता ने AI सुरक्षा चिंताओं को लेकर दिया इस्तीफा
एंथ्रोपिक के शोधकर्ता जैकब कॉक्सन ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े अस्तित्व संबंधी खतरों पर चिंता जताते हुए इस्तीफा दे दिया है। उन्हें इस बात की चिंता है कि कंपनियां बहुत तेजी से ताकतवर AI बनाने में जुटी हैं। उनका मानना है कि रिसर्च लैब एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में सुरक्षा से ज्यादा तेजी दिखा रही हैं। उनकी चेतावनी है कि अगर, ऐसा ही चलता रहा तो अगले 10 सालों में ऐसे AI सिस्टम बन सकते हैं, जो इंसानों के लिए बड़ा खतरा होंगे। बता दें कि वह OpenAI में भी काम कर चुके हैं।
शोधकर्ताओं से की अपील
कॉक्सन ने AI एजेंट्स और हगिंग फेस से जुड़ी हाल ही की घटना को उद्योग के लिए एक चेतावनी बताया। उन्होंने कहा कि डेवलपर्स को जोखिमों का पता है, लेकिन मुकाबले के दबाव में वे कुछ भी कहने से बचते हैं।
इस्तीफा देने के बाद उन्होंने शोधकर्ताओं से अपील की है कि वे थोड़ी देर रुकें और अपने काम के तरीकों पर फिर से विचार करें। उन्होंने यह भी पूछा, "क्या हमें इसलिए चुपचाप काम करते रहना चाहिए कि यह तो होकर ही रहेगा या फिर इस मौके का फायदा उठाकर बेहतर हालात की मांग करनी चाहिए?"