इक्सिगो ने ChatGPT पर लॉन्च किए अपने ऐप्स, AI से पूछ सकेंगे सवाल
क्या है खबर?
ट्रैवल प्लेटफॉर्म इक्सिगो ने ChatGPT पर अपने 3 प्लेटफॉर्म- फ्लाइट और होटल, अभीबस और कंफर्म टिकट के लिए नेटिव ऐप लॉन्च किया है। इससे संपूर्ण यात्रा योजना को सीधे एक संवादात्मक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंटरफेस में लाया जा सकेगा। कंपनी ने बताया कि यूजर ChatGPT के भीतर फ्लाइट, बस, ट्रेन और होटल के यात्रा विकल्पों को खोज और तुलना कर सकते हैं और फिर संबंधित इक्सिगो ग्रुप ऐप के जरिए बुकिंग कर सकते हैं।
उपयोग
ऐसे कर सकेंगे सुविधा का उपयोग
ट्रैवल कंपनी ने ChatGPT में रीयल-टाइम फ्लाइट ट्रैकिंग की सुविधा भी शुरू की है, जिससे यूजर बोर्डिंग गेट, बैगेज बेल्ट, चेक-इन काउंटर से संबंधित महत्वपूर्ण अपडेट ट्रैक और एक्सेस कर सकते हैं। इसके लिए यूजर ChatGPT में इक्सिगो के ऐप्स को एक्टिव कर सकते हैं और प्रॉम्प्ट में बस @ixigo, @AbhiBus या @ConfirmTkt टाइप करके शुरुआत कर सकते हैं। वे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को वास्तविक समय की कीमतों और उपलब्धता के साथ खोज सकते हैं।
खोज
होटल, बस और ट्रेन की तलाश करना होगा आसान
चैटबॉट पर होटल खोजने और बुकिंग को लेकर भी सवाल किए जा सकते हैं। इससे किसी खास स्थान पर होटल खोजने से संबंधित सवाल करने से लेकर वास्तविक विकल्प, मूल्य निर्धारण और बुकिंग विकल्प तक की जानकारी पा सकते हैं। इसी प्रकार अभीबस के इंटीग्रेशन के साथ अंतर-शहरी बस खोजने, तुलना करने और बुक करने में मदद करेगा। इसके अलावा ChatGPT के भीतर विभिन्न मार्गों पर टिकट के वैकल्पिक विकल्प प्राप्त कर सकते हैं।