Page Loader
ISRO ने 100वें मिशन के लिए शुरू की उल्टी गिनती, NVS-02 नेविगेशन सैटेलाइट कल होगा लॉन्च 
ISRO ने 100वें मिशन के लिए शुरू की उल्टी गिनती (तस्वीर: ISRO)

ISRO ने 100वें मिशन के लिए शुरू की उल्टी गिनती, NVS-02 नेविगेशन सैटेलाइट कल होगा लॉन्च 

Jan 28, 2025
05:40 pm

क्या है खबर?

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने अपने 100वें मिशन के लॉन्च के लिए उल्टी गिनती शुरू कर दी है। यह मिशन GSLV-F15 रॉकेट के जरिए 29 जनवरी को भारतीय समयानुसार सुबह 06:23 बजे लॉन्च होगा। इस मिशन के तहत NVS-02 नेविगेशन सैटेलाइट को पृथ्वी की कक्षा में भेजा जाएगा। यह मिशन वी नारायणन के लिए बतौर ISRO अध्यक्ष पहला मिशन है। इस महत्वपूर्ण मिशन को लेकर उत्साह है और इसकी सफलता ISRO के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी।

विवरण

2,250 किलोग्राम है सैटेलाइट का वजन

GSLV-F15 रॉकेट का वजन करीब 450 टन है और इसकी लंबाई 50.9 मीटर है। इस रॉकेट के साथ NVS-02 सैटेलाइट को भेजा जाएगा, जिसका वजन लगभग 2,250 किलोग्राम है। यह सैटेलाइट C-बैंड, L1, L5 और S-बैंड में नेविगेशन पेलोड्स लेकर जा रहा है। ISRO इस मिशन के लॉन्च को अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल और सोशल मीडिया अकाउंट पर सीधा प्रसारित भी करेगा, जिसे 29 जनवरी को सुबह 05:50 बजे से ही देखा जा सकेगा।

उद्देश्य

मिशन का उद्देश्य और महत्व 

GSLV-F15 या NVS-2 मिशन का मुख्य उद्देश्य भारत के उपमहाद्वीप और आस-पास के क्षेत्रों में लोगों को सटीक स्थिति, समय और वेग की जानकारी देना है। NVS-02 सैटेलाइट को 'नाविक' नामक सैटेलाइट सिस्टम का हिस्सा बनाया गया है, जिससे भारत के नेविगेशन सिस्टम को और सशक्त किया जाएगा। यह नेविगेशन सैटेलाइट का उपयोग विशेष रूप से समुद्री, हवाई और स्थलीय नेविगेशन, इंटरनेट-ऑफ-थिंग्स (IoT) और आपातकालीन सेवाओं के लिए किया जाएगा।