ISRO ने की युविका 2026 कार्यक्रम की घोषणा, जानिए कब कर सकते हैं आवेदन
क्या है खबर?
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने अपने युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम (युविका) के 2026 संस्करण की घोषणा की है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कक्षा 9 छात्रों को अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, विज्ञान और एप्लिकेशंस की बुनियादी बातों से प्रारंभिक अवस्था में परिचित कराना है। इसके तहत युवा प्रतिभाओं की पहचान करना और छात्रों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए मार्गदर्शन देना है। यह कदम भविष्य के वैज्ञानिक कार्यबल के निर्माण के प्रयास का हिस्सा है।
आवेदन
कब कर सकते हैं आवेदन?
देशभर के विद्यार्थी युविका 2026 कार्यक्रम के लिए 27 फरवरी से 31 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। यह आवासीय शिविर 11-22 मई, 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इसके लिए भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी अध्ययन सामग्री, आवास और भोजन का खर्च वहन करेगी और मूल टिकट प्रस्तुत करने पर सेकंड AC ट्रेन या बस का किराया दिया जाएगा। यह शिविर आपको अंतरिक्ष टेक्नोलॉजी में गहराई से उतरने का अवसर प्रदान करता है।
पात्रता
इस आधार पर होगा कार्यक्रम के लिए चयन
युविका 2026 कार्यक्रम के लिए 1 जनवरी तक कक्षा 9 में पढ़ रहे और छात्र आवेदन करने के पात्र हैं। ISRO ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए चयन कक्षा 8 के अंकों (50 फीसदी), ऑनलाइन क्विज (10 फीसदी) और पिछले 3 वर्षों में विज्ञान मेलों या सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में प्रदर्शन पर आधारित है। इसके अलावा ओलंपियाड, खेलकूद, स्काउट्स/गाइड्स, NCC/NSS में भाग लेने वालों को अतिरिक्त अंक मिलेंगे।