LOADING...
क्या स्टारलिंक फोन होने वाला है लॉन्च? एलन मस्क ने बताई सच्चाई
एलन मस्क स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट सेवा का तेजी से विस्तार कर रहे हैं

क्या स्टारलिंक फोन होने वाला है लॉन्च? एलन मस्क ने बताई सच्चाई

Feb 06, 2026
03:57 pm

क्या है खबर?

अरबपति एलन मस्क स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट सेवा का तेजी से विस्तार कर रहे हैं। इसी बीच कई मीडिया रिपोर्ट्स में हाल ही में दावा किया गया कि स्टारलिंक एक स्मार्टफोन पर काम कर रही है। इस दावे के बाद तकनीकी जगत में हलचल तेज हो गई थी और लोग मस्क के नए फोन को लेकर कयास लगाने लगे थे। हालांकि, अब मस्क ने इन खबरों पर सफाई देते हुए कंपनी की मौजूदा योजना को साफ शब्दों में सामने रखा है।

जवाब

मस्क ने दावों पर क्या कहा?

मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साफ किया कि स्पेस-X या स्टारलिंक किसी भी तरह का स्मार्टफोन नहीं बना रही है। एक यूजर द्वारा शेयर की गई रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने लिखा कि ऐसी खबरें गलत हैं। मस्क ने कहा, "फोन बनाने की कोई योजना नहीं है।" इससे पहले उन्होंने भविष्य में संभावना से इनकार नहीं किया था, लेकिन अब उन्होंने साफ कर दिया कि अभी ऐसा कोई प्रोजेक्ट चल नहीं रहा है।

दावा

मीडिया रिपोर्ट में क्या कहा गया था?

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि स्टारलिंक ब्रांडेड फोन स्पेस-X के प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को और बड़ा कर सकता है। कहा गया था कि यह फोन सैटेलाइट नेटवर्क से सीधे जुड़कर बेहतर कनेक्टिविटी देगा। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि स्टारलिंक स्पेस-X की कमाई का बड़ा जरिया है और ऐसा फोन कंपनी के लिए नया कमाई का जरिया बन सकता है। इन्हीं दावों के चलते बाजार में चर्चाएं काफी तेज हो गई थीं।

Advertisement

विकल्प

भविष्य में क्यों बना रह सकता है विकल्प?

मस्क ने फिलहाल स्टारलिंक फोन की संभावना को खारिज कर दिया है, लेकिन भविष्य में ऐसा डिवाइस काम का हो सकता है। स्टारलिंक के दुनियाभर में लाखों यूजर मौजूद हैं और यह एयरलाइंस, सरकारों और सेना के साथ भी काम करता है। कंपनी डायरेक्ट-टू-डिवाइस इंटरनेट जैसी सेवाओं पर फोकस कर रही है। मस्क पहले भी कह चुके हैं कि उनका लक्ष्य दुनिया के हर कोने में मजबूत कनेक्टिविटी पहुंचाना है।

Advertisement