आईफोन 18 प्रो मॉडल की कीमत हो सकती है आईफोन 17 प्रो के समान
क्या है खबर?
ऐपल इस साल अपने आईफोन 18 सीरीज को लॉन्च करने वाली है। कंपनी की तरफ से अभी तक इस स्मार्टफोन सीरीज को लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन कई लीक रिपोर्ट में इसकी कीमत और फीचर्स को लेकर दावे किए गए हैं। एक नई रिपोर्ट में सामने आया है कि आईफोन 18 प्रो और प्रो मैक्स की शुरुआती कीमत आईफोन 17 प्रो मॉडल्स के बराबर ही रखी जा सकती है।
कीमत
कीमत बढ़ाने से बचने की कोशिश
रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी लागत बढ़ने के बावजूद कीमत स्थिर रखने की कोशिश कर रही है। बताया जा रहा है कि मेमोरी चिप जैसे जरूरी पुर्जों की कीमतें बढ़ रही हैं, लेकिन ऐपल सप्लायर्स से बेहतर डील करने की कोशिश कर रहा है। अमेरिका में अभी आईफोन 17 प्रो की शुरुआती कीमत 1,099 डॉलर (लगभग 99,000 रुपये) और प्रो मैक्स की 1,199 डॉलर (लगभग 1.09 लाख रुपये) है, और नई सीरीज भी इसी स्तर पर आ सकती है।
लॉन्च
सितंबर में हो सकता है लॉन्च
टेक दिग्गज ऐपल अपने तय लॉन्च शेड्यूल के अनुसार सितंबर में आईफोन 18 प्रो मॉडल पेश कर सकती है। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी कुछ भी आधिकारिक नहीं है। अगर कीमतें नहीं बढ़ती हैं, तो यह उन ग्राहकों के लिए राहत की खबर होगी जो लगातार बढ़ती स्मार्टफोन कीमतों से परेशान हैं। नई सीरीज में अपग्रेड भी मिल सकते हैं, लेकिन कीमत समान रहने की उम्मीद जताई जा रही है।