गूगल क्लाउड के साथ इनवीडियो की साझेदारी, AI फिल्ममेकिंग को मिलेगा नया रूप
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) वीडियो बनाने वाली प्लेटफॉर्म इनवीडियो ने आज (16 फरवरी) गूगल क्लाउड के साथ एक बड़ी साझेदारी की है। इस समझौते के तहत फिल्म निर्माण के लिए एंटरप्राइज स्तर का नया प्रोडक्शन वर्कफ्लो शुरू किया गया है। कंपनी का कहना है कि यह सिस्टम लंबी सिनेमैटिक कहानियों को आसान और तेज तरीके से बनाने में मदद करेगा। यह कदम ऐसे समय आया है जब फिल्म इंडस्ट्री में AI का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है।
साझेदारी
साझेदारी के तहत क्या मिलेगा?
इस साझेदारी के तहत इनवीडियो का क्रिएटिव प्लेटफॉर्म गूगल क्लाउड के AI टेक्नोलॉजी स्टैक से जुड़ जाएगा। इसमें जेमिनी, विओ, इमेजन और लिरिया जैसे जेनरेटिव मॉडल शामिल होंगे। इसके साथ ही मॉडल ट्रेनिंग और सर्विंग के लिए TPU और GPU चिप्स का उपयोग किया जाएगा। इससे मीडिया स्टूडियो, प्रोडक्शन हाउस और एड एजेंसियों को टेक्स्ट-टू-इमेज, 4K वीडियो और सिंक्रोनाइज्ड म्यूजिक जैसी सुविधाएं एक ही वर्कफ्लो में मिलेंगी।
फायदा
फिल्ममेकर्स को क्या होगा फायदा?
कंपनी के अनुसार, यह सिस्टम फिल्म बनाने की समयसीमा कम करेगा और क्रिएटर्स को पहले से ज्यादा प्रयोग करने की आजादी देगा। डायरेक्टर नेचुरल लैंग्वेज प्रॉम्प्ट के जरिए सीन तैयार कर सकेंगे और शूटिंग से पहले लाइटिंग व पेसिंग का परीक्षण कर पाएंगे। साथ ही जेमिनी सीन एनालिसिस में मदद करेगा, जिससे कहानी की निरंतरता बनी रहेगी। यह सुविधा डायलॉग लोकलाइजेशन और म्यूजिक क्रिएशन में भी सहायक होगी।
योजना
सेफ्टी, IP सुरक्षा और आगे की योजना
इनवीडियो ने बताया कि हर तैयार कंटेंट में सिंथ ID वॉटरमार्क जोड़ा जाएगा, जिससे उसकी असलियत साबित की जा सके। इसके साथ ही, मल्टी-लेयर्ड सेफ्टी फिल्टर और कॉपीराइट सुरक्षा भी दी जाएगी। कंपनी 17 फरवरी को इंडिया AI फिल्म फेस्टिवल में इस नई तकनीक को दिखाएगी और तीन फीचर फिल्मों की घोषणा करेगी। यह साझेदारी भारत के तेजी से बढ़ते क्लाउड और AI बाजार में प्रतिस्पर्धा को भी मजबूत करेगी।