Loading...
इंस्टाग्राम क्रिएटर्स के वीडियो की सुरक्षा होगी मजबूत, चोरी हुए कंटेंट को पहचानने का मिलेगा विकल्प
इंस्टाग्राम क्रिएटर्स के वीडियो की सुरक्षा होगी मजबूत

इंस्टाग्राम क्रिएटर्स के वीडियो की सुरक्षा होगी मजबूत, चोरी हुए कंटेंट को पहचानने का मिलेगा विकल्प

Nov 18, 2026
11:41 am

क्या है खबर?

मेटा के स्वामित्व वाली इंस्टाग्राम क्रिएटर्स के वीडियो की सुरक्षा के लिए एक नया टूल लेकर आ रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच प्लेटफॉर्म पर दूसरे लोगों के कंटेंट की नकल करने के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। कई अकाउंट ओरिजिनल वीडियो को नए चेहरे और आवाज के साथ दोबारा पेश कर रहे हैं, जिससे असली क्रिएटर्स के काम का श्रेय और दर्शक दोनों दूसरे अकाउंट्स को मिलने लगते हैं।

टूल

कंटेंट प्रोटेक्शन से वीडियो की कॉपी पहचान सकेंगे क्रिएटर्स

इंस्टाग्राम प्रमुख एडम मोसेरी ने मंगलवार (17 नवंबर) को कंटेंट प्रोटेक्शन फीचर की घोषणा की है।

इसके जरिए क्रिएटर्स अपने वीडियो की कॉपी को इंस्टाग्राम के इनसाइट्स में देख और पहचान सकेंगे। उन्हें कॉपी किए गए वीडियो को छिपाने या उसमें मूल वीडियो का लिंक जोड़ने का विकल्प मिलेगा।

इसके अलावा, इंस्टाग्राम चोरी किए गए जोक्स और स्क्रिप्ट पहचानने के लिए भी एक अलग तकनीक का परीक्षण कर रही है।

नकल

कॉमेडियन और महिला क्रिएटर्स के कंटेंट की हो रही नकल

AI के जरिए कॉमेडियन के वीडियो और उनके जोक्स को दूसरे चेहरों के साथ इस्तेमाल करने के मामले सामने आए हैं।

कॉमेडियन सारा पर्डम ने बताया कि उनके काम को AI अकाउंट ने कॉपी करके आकर्षक दिखने वाले नकली किरदारों के साथ पेश किया। उन्होंने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि महिला कॉमेडियन के कंटेंट का इस्तेमाल पुरुषों को आकर्षित करने के लिए किया जा रहा है।

दूसरे कलाकारों ने भी ऐसी शिकायतें की हैं।

ADVERTISEMENT

परीक्षण

चुनिंदा क्रिएटर्स के लिए शुरू हुआ फीचर का परीक्षण

इंस्टाग्राम फिलहाल कंटेंट प्रोटेक्शन फीचर का परीक्षण सीमित संख्या में क्रिएटर्स के साथ कर रही और आगे इसे अधिक लोगों तक पहुंचाने की योजना है।

योग्य क्रिएटर्स को एक्टिविटी फीड में इसका इस्तेमाल करने का निमंत्रण मिलेगा। जुड़ने के बाद उनके नए वीडियो अपने आप सुरक्षित होंगे, जबकि पुराने वीडियो को भी वे खुद सुरक्षा के लिए चुन सकेंगे।

कॉपी मिलने पर क्रिएटर्स उसे ट्रैक करने या छिपाने का फैसला कर सकेंगे।

ADVERTISEMENT