इंस्टाग्राम में आएगा नया फीचर, यूजर्स पोस्ट में जोड़ सकेंगे लिंक
क्या है खबर?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम जल्द ही यूजर्स को पोस्ट के कैप्शन में क्लिक करने लायक लिंक जोड़ने की सुविधा दे सकता है। कंपनी इस फीचर की टेस्टिंग कर रही है। अभी तक इंस्टाग्राम पर लिंक शेयर करने की सुविधा केवल स्टोरी, रील्स या प्रोफाइल बायो तक ही सीमित थी। हालांकि, नए फीचर के आने से यूजर्स सीधे पोस्ट के कैप्शन से ही वेबसाइट या दूसरे प्लेटफॉर्म के लिंक खोल सकेंगे।
टेस्ट
मेटा वेरिफाइड यूजर्स के लिए टेस्ट
रिपोर्ट के मुताबिक, यह नया फीचर फिलहाल मेटा वेरिफाइड सब्सक्रिप्शन लेने वाले यूजर्स के लिए टेस्ट किया जा रहा है। कुछ यूजर्स ने बताया कि वे पोस्ट के कैप्शन में क्लिक करने लायक लिंक जोड़ पा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, यूजर एक महीने में लगभग 10 लिंक तक पोस्ट में जोड़ सकते हैं। हालांकि, अभी यह फीचर सीमित यूजर्स तक ही उपलब्ध है और सभी को इसका एक्सेस नहीं मिला है।
बदलाव
क्रिएटर्स के लिए हो सकता है बड़ा बदलाव
अगर यह फीचर बड़े स्तर पर शुरू होता है तो इससे कंटेंट क्रिएटर्स को काफी फायदा हो सकता है। अभी ज्यादातर क्रिएटर्स अपने फॉलोअर्स को किसी वेबसाइट या दूसरे प्लेटफॉर्म पर भेजने के लिए 'लिंक इन बायो' का इस्तेमाल करते हैं। अब कैप्शन में सीधे लिंक देने की सुविधा मिलने से लोगों को अलग से प्रोफाइल खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे पोस्ट से ही लिंक पर क्लिक कर सकेंगे।
विकल्प
पेड फीचर के रूप में आ सकता है विकल्प
यह भी माना जा रहा है कि कंपनी इस सुविधा को पेड फीचर के रूप में रख सकती है। यानी केवल मेटा वेरिफाइड सब्सक्रिप्शन लेने वाले यूजर्स ही इस फीचर का फायदा उठा सकेंगे। मेटा वेरिफाइड की शुरुआती कीमत 14.99 डॉलर (लगभग 1,400 रुपये प्रति) महीना है। कंपनी फिलहाल इस फीचर की टेस्टिंग कर रही है और बाद में इसे बड़े स्तर पर लॉन्च करने का फैसला लिया जा सकता है।