इंस्टाग्राम कर रहा 90 मिनट के हॉरिजॉन्टल वीडियो का परीक्षण
इंस्टाग्राम अमेरिका के कुछ चुनिंदा क्रिएटर्स के लिए 90 मिनट के हॉरिजॉन्टल वीडियो का टेस्ट कर रहा है। इससे पॉडकास्टर्स और कॉमेडियन जैसे लोगों के लिए लंबा कंटेंट शेयर करना आसान हो जाएगा। वे अब केवल रील्स के बजाय लंबी वीडियो भी डाल पाएंगे।
प्लेटफॉर्म चाहता है कि यूजर्स छोटे क्लिप्स से सीधे पूरे शो तक पहुंच सकें। इसका मकसद इंस्टाग्राम को डिजिटल एंटरटेनमेंट के लिए एक पसंदीदा जगह बनाए रखना है।
लंबे वीडियो एक्सप्लोर पेज पर दिखेंगे
इंस्टाग्राम ने ब्राजील में इस सुविधा को आजमाने के बाद अब अमेरिका के हजारों क्रिएटर्स को भी इसका एक्सेस देने की योजना बनाई है। एमा ग्रेडे और मोनेट मैकमिकेल जैसे कुछ शुरुआती क्रिएटर्स पहले ही इसका इस्तेमाल कर रहे हैं।
ये लंबी वीडियो ज्यादा लोगों तक पहुंचने के लिए एक्सप्लोर पेज पर दिखेंगी। अभी इन्हें मोबाइल पर देखा जा सकता है, लेकिन इंस्टाग्राम का कहना है कि अमेरिका में अब ऐपल टीवी पर भी इनके लिए सपोर्ट मिल रहा है। कंपनी ऐसा इसलिए कर रही है, ताकि लोगों को वीडियो देखने के ज्यादा विकल्प मिलें।