ई-संजीवनी से ऑनलाइन परामर्श का आंकड़ा 50 करोड़ के पार
भारत की ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा ने 50 करोड़ ऑनलाइन परामर्श का बड़ा आंकड़ा पार कर लिया है। डिजिटल स्वास्थ्य सेवा के लिए यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान लोगों को चिकित्सकों तक पहुंचने में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए इसे शुरू किया गया था। आज यह सेवा देश के हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के लोगों को जोड़ रही है, जिससे दूरदराज के गावों तक भी चिकित्सक वर्चुअल तरीके से पहुंच रहे हैं।
1 .42 लाख से ज्यादा स्वास्थ्य केंद्रों को जोड़ा
आज ई-संजीवनी से 1.42 लाख से भी ज्यादा स्वास्थ्य केंद्र और करीब 20,000 मेडिकल हब जुड़े हैं। यह हर रोज 3 लाख तक परामर्श देती है। इसके आधे से ज्यादा यूजर्स महिलाएं हैं।
यह प्लेटफॉर्म चिकित्सकों को सही फैसला लेने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स की सहायता देता है। साथ ही बेहतर इलाज के लिए यह आपातकालीन सेवाओं से भी जुड़ा है।
हाल ही में इसमें बड़े अस्पतालों से विशेषज्ञ सलाह की सुविधा भी जोड़ी गई है, जिससे लोगों को अब विशेषज्ञ चिकित्सक से मिलने के लिए दूर की यात्राएं नहीं करनी पड़तीं। इस तरह लाखों लोगों तक अच्छी स्वास्थ्य सेवा केवल एक क्लिक पर पहुंच रही है।