LOADING...
भारतीय कंपनी योटा एनवीडिया के चिप्स से बनाएगी 180 अरब रुपये का डाटा सेंटर
योटा एनवीडिया 180 अरब रुपये का डाटा सेंटर

भारतीय कंपनी योटा एनवीडिया के चिप्स से बनाएगी 180 अरब रुपये का डाटा सेंटर

Feb 18, 2026
02:06 pm

क्या है खबर?

डाटा सेंटर बनाने वाली भारतीय कंपनी योटा ने 2 अरब डॉलर (लगभग 180 अरब रुपये) की लागत वाला एक बड़ा डाटा सेंटर बनाने की घोषणा की है। कंपनी ने कहा कि वह एनवीडिया के लेटेस्ट ब्लैकवेल अल्ट्रा चिप्स का उपयोग करेगी। इस प्रोजेक्ट के तहत एशिया के सबसे बड़े AI कंप्यूटिंग हब में से एक तैयार किया जाएगा। यह केंद्र देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और क्लाउड सेवाओं की बढ़ती मांग को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगा।

जगह

दिल्ली के पास बनेगा सुपरक्लस्टर?

यह नया AI सुपरक्लस्टर नई दिल्ली के पास योटा के डाटा सेंटर कैंपस में तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही, मुंबई की मौजूदा फैसिलिटी से अतिरिक्त तकनीकी क्षमता भी जोड़ी जाएगी, ताकि लोड संतुलित रहे। एनवीडिया यहां एशिया का पहला DGX क्लाउड सुपरक्लस्टर बनाएगी, जिसमें लगभग 10,300 हाई-परफॉर्मेंस GPU लगाए जाएंगे। यह बड़ा प्रोजेक्ट चार साल के समझौते के तहत चरणबद्ध तरीके से विकसित होगा और अगस्त तक इसके पूरी तरह चालू होने की उम्मीद है।

फायदा

देश को क्या होगा फायदा?

इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट से भारत की AI कंप्यूटिंग क्षमता पांच से छह गुना तक बढ़ सकती है। स्टार्टअप्स, टेक कंपनियों और रिसर्च संस्थानों को सस्ती, सुरक्षित और तेज कंप्यूटिंग सुविधा आसानी से मिलेगी। नेशनल AI मिशन के तहत भाषिनी, सर्वम और भारतजेन जैसे भारतीय भाषा आधारित AI मॉडल को भी इससे मजबूत तकनीकी समर्थन मिलेगा। अभी सैकड़ों स्टार्टअप्स GPU की भारी कमी से जूझ रहे हैं, ऐसे में यह विस्तार उनके लिए बड़ी राहत और नई संभावनाएं लेकर आएगा।

Advertisement

योजना

आगे की योजना और विस्तार

योटा ने बताया कि उसका मौजूदा GPU आधार करीब 40,000 है, जो अगले दो वर्षों में 75,000 से अधिक हो जाएगा। कंपनी ने इस निवेश के लिए फंडिंग सुनिश्चित कर ली है और आगे प्री-IPO तथा IPO के जरिए अतिरिक्त पूंजी जुटाने की योजना बना रही है। योटा के पहले से मुंबई, ग्रेटर नोएडा और GIFT सिटी में डाटा सेंटर हैं, और कई अन्य शहरों में विस्तार की तैयारी चल रही है।

Advertisement