प्रधानमंत्री मोदी का बड़ा ऐलान, कहा- अगले 7-8 सालों में लगए जाएंगे 5-8 नए सेमीकंडक्टर प्लांट
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (15 अगस्त) को घोषणा की कि भारत अगले 7-8 सालों में 5-8 और सेमीकंडक्टर प्लांट लगाएगा। ये उन 3 प्लांट्स के अलावा होंगे, जहां से निर्यात शुरू हो चुका है। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग को भारत के 'आत्मनिर्भर भारत' मिशन की नींव बताया। उन्होंने कहा कि डिजिटल टेक्नोलॉजी के दौर में कोई भी देश दूसरे देशों पर निर्भर नहीं रह सकता।
आवश्यकता
चिप्स की आवश्यकता पर दिया जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने इलेक्ट्रॉनिक्स, मेडिकल डिवाइस और परिवहन नेटवर्क में चिप्स की अहम भूमिका का जिक्र करते हुए कहा, "आज की डिजिटल दुनिया और टेक्नोलॉजी के दौर में हम चिप्स की भारी अहमियत को समझते हैं। इनके बिना दुनिया थम जाएगी।"
मोदी ने कहा कि अगले दशक में 5 से 8 नई फैब्रिकेशन और टेस्टिंग यूनिट्स के आने से सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में देश एक बड़े वैश्विक दिग्गज के तौर पर मजबूती से स्थापित हो जाएगा।
डिजिटल बदलाव
इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में 7 गुना बढ़ोतरी
प्रधानमंत्री ने सेमीकंडक्टर को बढ़ावा देने की पहल को पिछले 12 सालों में हुए बड़े पैमाने पर मैन्युफैक्चरिंग और डिजिटल बदलाव से जोड़ा।
उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग लगभग 7 गुना, मोबाइल फोन उत्पादन 33 गुना और रक्षा उत्पादन 4 गुना बढ़ा है।
डिजिटल और नवाचार के क्षेत्र में उन्होंने बताया कि पिछले एक दशक में इंटरनेट इस्तेमाल करने वालों की संख्या और पेटेंट मिलने की संख्या 4 गुना बढ़ी है और डिजिटल लेन-देन 100 गुना बढ़ गए हैं।