GTA 6 में भारत का योगदान, बेंगलुरु के 1,600 से ज्यादा डेवलपर्स ने किया काम
क्या है खबर?
दुनिया के चर्चित गेम ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6 (GTA 6) को तैयार करने में भारत के बेंगलुरु शहर की भी अहम भूमिका रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रॉकस्टार गेम्स के बेंगलुरु स्टूडियो के 1,615 से ज्यादा डेवलपर्स ने इस गेम पर काम किया है। बेंगलुरु दक्षिण के सांसद तेजस्वी सूर्या ने भी गेम की रिलीज के मौके पर भारतीय टीम के योगदान की जानकारी साझा की और शहर के गेमिंग उद्योग की तारीफ की है।
भूमिका
गेम की दुनिया और वाइस बीच बनाने में टीम की भूमिका
गेमिंग रिपोर्ट्स के अनुसार, बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड स्थित रॉकस्टार इंडिया स्टूडियो की टीम ने GTA 6 के कई हिस्सों को तैयार करने में योगदान दिया।
इसमें गेम की खुली दुनिया का वातावरण, अलग-अलग जगहों से जुड़ी चीजें और वर्ल्ड बिल्डिंग शामिल हैं। टीम ने गेम के काल्पनिक राज्य लियोनिडा में मौजूद वाइस बीच पर भी काम किया है।
इस योगदान के चलते बेंगलुरु की टीम गेम के विकास में शामिल बड़ी टीमों में गिनी जा रही है।
सफर
ध्रुव इंटरएक्टिव से शुरू हुआ बेंगलुरु का गेमिंग सफर
सूर्या ने बेंगलुरु के गेमिंग उद्योग का संबंध ध्रुव इंटरएक्टिव से भी जोड़ा है। इसकी शुरुआत 1995 में राजेश राव ने सिर्फ एक कंप्यूटर के साथ की थी।
बाद में यह भारत के शुरुआती गेम डेवलपमेंट स्टूडियो में शामिल हुआ। साल 2019 में रॉकस्टार गेम्स ने इसे खरीद लिया।
सूर्या के मुताबिक, बेंगलुरु को आमतौर पर IT उद्योग के लिए जाना जाता है, लेकिन शहर का गेमिंग क्षेत्र भी काफी अहम है।
रिलीज
PS5 और एक्सबॉक्स पर रिलीज हुआ GTA 6
GTA 6 को 19 नवंबर को भारत समेत कई देशों में रिलीज कर दिया गया है।
यह प्लेस्टेशन 5 और एक्सबॉक्स सीरीज X|S पर उपलब्ध है। गेम की कहानी लियोनिडा नाम के काल्पनिक अमेरिकी राज्य में है, जहां लूसिया कैमिनोस और जेसन डुवल मुख्य किरदार हैं।
इसे डाउनलोड करने के लिए करीब 212GB स्टोरेज की जरूरत पड़ सकती है। गेम के निर्माण पर 1-1.5 अरब डॉलर खर्च होने का अनुमान है, लेकिन कंपनी ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें पोस्ट
GTA 6, one of the most awaited game in the world, has a Bengaluru connection.
— Tejasvi Surya (@Tejasvi_Surya) November 18, 2026
A significant part of its development has been done by Rockstar India, in this city, by over 1,600 developers
What's even more interesting is the story behind it. In 1995, Rajesh Rao started Dhruva…