भारत उद्यम स्तर पर AI के उपयोग में दूसरे पायदान पर पहुंचा, रिपोर्ट में खुलासा
क्या है खबर?
भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को अपनाने में एक वैश्विक महाशक्ति के रूप में उभरा है और उद्यम AI/ML लेनदेन में अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। क्लाउड सिक्योरिटी क्षेत्र की अग्रणी कंपनी जेडस्केलर की रिपोर्ट में यह खुलासा किया गया है। इसमें यह भी बताया है कि यहां इस तकनीक को अपनाने की तीव्र गति के बावजूद सुरक्षा चुनौतियां बनी हुई हैं। ये निष्कर्ष इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 आयोजन से एक सप्ताह पहले आए हैं।
विश्लेषण
इस आधार पर किया गया विश्लेषण
यह रिपोर्ट पिछले साल जनवरी से दिसंबर के बीच जेडस्केलर जीरो ट्रस्ट एक्सचेंज प्लेटफॉर्म पर लगभग 1 अरब AI और मशीन लर्निंग लेनदेन के विश्लेषण पर आधारित है। रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय उद्यमों ने जून से दिसंबर, 2025 के बीच चौंका देने वाले 8.23 करोड़ AI/ML लेनदेन दर्ज किए। यह मात्रा एशिया-प्रशांत (APAC) क्षेत्र में सभी AI गतिविधि का 46.2 प्रतिशत है, जो भारत को इस क्षेत्र में एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में स्थापित करता है।
कारण
इस कारण AI उपयोग में हुई वृद्धि
रिपोर्ट में कहा है कि भारत की वृद्धि 2025 में सरकार समर्थित निरंतर डिजिटल परिवर्तन प्रयासों के साथ-साथ AI इंफ्रास्ट्रक्चर और कौशल विकास में किए गए बड़े सार्वजनिक और निजी निवेश के अनुरूप है। AI-सक्षम कार्यबल का विस्तार और क्लाउड-फर्स्ट आर्किटेक्चर ने AI सर्विसेज की तैनाती को बढ़ाया है। जेडस्केलर के सुवाब्रता सिन्हा ने कहा कि भारत में उद्यम AI को अपनाने का पैमाना अधिकांश संगठनों की इसे नियंत्रित करने की क्षमता से कहीं अधिक तेजी से बढ़ रहा है।