दिल्ली में इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 की शुरुआत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया उद्घाटन
क्या है खबर?
दिल्ली में इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 के 10वें संस्करण की शुरुआत हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सुबह यशोभूमि पहुंचकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी इस मौके पर मौजूद रहे। उद्घाटन सत्र में सिंधिया ने देश में तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल और सस्ती होती इंटरनेट सेवा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि तकनीक का फायदा सिर्फ बड़े शहरों तक न रहे, बल्कि गांव-गांव और हर व्यक्ति तक पहुंचे।
डाटा कीमत
12 साल में डाटा हुआ काफी सस्ता
मोबाइल डाटा की कीमत में पिछले 12 वर्षों में बड़ा बदलाव आया है।
सिंधिया ने बताया कि 2014 में 1GB डाटा के लिए 268 रुपये देने पड़ते थे, जबकि अब यही डाटा करीब 8 रुपये में मिल रहा है। इस दौरान लोगों का इंटरनेट इस्तेमाल भी कई गुना बढ़ा है।
उनके मुताबिक, 2014 में एक ग्राहक महीने में औसतन 0.26GB डाटा इस्तेमाल करता था, जो अब बढ़कर करीब 36GB हो गया है।
6G
भारत की नजर अब 6G पर
इस बार मोबाइल कांग्रेस में भारत की अगली पीढ़ी की तकनीक पर खास ध्यान दिया जा रहा है।
5G और 6G के साथ AI नेटवर्क, सेमीकंडक्टर, साइबर सुरक्षा और क्वांटम कम्युनिकेशन से जुड़े काम भी यहां दिखाए जाएंगे। सिंधिया ने बताया कि भारत 6G अलायंस से 90 संस्थान जुड़े हैं और अब तक 7,700 पेटेंट तैयार किए जा चुके हैं।
इनमें 4,400 अंतरराष्ट्रीय पेटेंट हैं। स्मार्ट मोबिलिटी और रोबोटिक्स जैसे क्षेत्र भी आयोजन का हिस्सा होंगे।
भागीदारी
100 से ज्यादा देशों की भागीदारी
इंडिया मोबाइल कांग्रेस में इस बार बड़ी अंतरराष्ट्रीय भागीदारी देखने को मिलेगी।
आयोजकों को उम्मीद है कि 100 से ज्यादा देशों के 1.5 लाख से अधिक लोग इसमें पहुंचेंगे। कार्यक्रम में 500 से ज्यादा साझेदार और प्रदर्शक, 600 से अधिक स्टार्टअप और करीब 900 विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।
यहां तकनीक से जुड़े 2,000 से ज्यादा इस्तेमाल के उदाहरण दिखाए जाएंगे और 120 से अधिक सत्र होंगे। आयोजन में डिजिटल विकास के साथ सुरक्षित और मजबूत तकनीकी ढांचे पर भी चर्चा होगी।