LOADING...
अजिस्ता स्पेस की बड़ी कामयाबी, पहली बार किसी भारतीय निजी स्पेस कंपनी ने किया ये काम
अजिस्ता स्पेस ने हासिल की इन-ऑर्बिट इमेजिंग क्षमता (प्रतीकात्मक तस्वीर)

अजिस्ता स्पेस की बड़ी कामयाबी, पहली बार किसी भारतीय निजी स्पेस कंपनी ने किया ये काम

Feb 09, 2026
05:22 pm

क्या है खबर?

भारत की एयरोस्पेस कंपनी अजिस्ता स्पेस ने अंतरिक्ष में एक बड़ा कारनामा किया है। एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अजिस्ता स्पेस के एक सैटेलाइट ने अंतरिक्ष में मौजूद दूसरे सैटेलाइट की तस्वीर ली है। यह काम पहली बार किसी भारतीय निजी स्पेस कंपनी ने किया है। इस तकनीक को इन-ऑर्बिट निगरानी या स्पेस वॉच कहा जाता है, जो अंतरिक्ष में सुरक्षा और निगरानी के लिहाज से बेहद अहम मानी जाती है।

तस्वीरें

ISS की सफल तस्वीरें ली गईं

अजिस्ता स्पेस ने अपने 80 किलोग्राम वजनी अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट ABA फर्स्ट रनर का इस्तेमाल किया। इसी सैटेलाइट से अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) की तस्वीरें ली गईं। ISS पृथ्वी से करीब 400 किलोमीटर की ऊंचाई पर लगातार घूमता रहता है। सैटेलाइट ने धूप वाली स्थिति में ISS को ट्रैक किया और 15 अलग-अलग फ्रेम में साफ तस्वीरें कैद कीं, जो तकनीकी रूप से काफी चुनौतीपूर्ण और जटिल काम माना जाता है।

सफलता

दोनों कोशिशों में मिली पूरी सफलता

कंपनी के मुताबिक यह मिशन दो बार किया गया और दोनों ही बार 100 प्रतिशत सफलता मिली। सैटेलाइट ने करीब 250 से 300 किलोमीटर की दूरी से ISS की तस्वीरें लीं। इससे अजिस्ता स्पेस के ट्रैकिंग सिस्टम और इमेजिंग तकनीक की सटीकता साबित हुई। कंपनी का दावा है कि यह भारत में बना और संचालित पहला ऐसा सैटेलाइट है जिसने अंतरिक्ष में इस तरह की निगरानी क्षमता सफलतापूर्वक दिखाई है।

Advertisement

अंतरिक्ष सुरक्षा

अंतरिक्ष सुरक्षा के लिए अहम कदम

यह सफलता भारत की अंतरिक्ष देख रेख जागरूकता को और ज्यादा मजबूत करने में मदद करेगी। इससे अंतरिक्ष में मौजूद सैटेलाइट्स, मलबे और अन्य वस्तुओं पर नजर रखना पहले से आसान होगा। मौजूदा समय में भारत के पास 50 से ज्यादा सक्रिय सैटेलाइट हैं, जिनकी सुरक्षा बेहद जरूरी मानी जाती है। अजिस्ता स्पेस का यह कदम भविष्य में अंतरिक्ष टकराव से बचाव और सुरक्षित स्पेस मिशन के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है।

Advertisement