हवा से निगरानी करने के लिए भारत ने शुरू किया AS-HAPS प्रोजेक्ट
भारत ने एयरशिप आधारित हाई एल्टीट्यूड स्यूडो-सैटेलाइट (AS-HAPS) प्रोजेक्ट की शुरुआत कर दी है। इसके तहत ऐसे आधुनिक एयरशिप बनाए जाएंगे, जो जमीन से लगभग 20 किलोमीटर ऊपर हवा में रहेंगे।
इनसे महीनों तक बड़े इलाकों पर नजर रखी जा सकेगी। ये ड्रोन और सैटेलाइट्स के बीच एक पुल का काम करेंगे। इस प्रोजेक्ट के लिए 15,000 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है, जिसे फरवरी में मंजूरी मिली थी।
एयरशिप्स में लगेंगे कैमरे, रडार और सेंसर
इन एयरशिप्स में कैमरे, रडार और इलेक्ट्रॉनिक सेंसर लगे होंगे। इनसे दूर से ही गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी और सारा डाटा सीधे सैटेलाइट्स को भेजा जाएगा।
मई, 2025 में रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) ने इसका एक प्रोटोटाइप सफलतापूर्वक टेस्ट किया था।
अब भारतीय एयरोस्पेस कंपनियों को पार्टनर बनाने पर विचार किया जा रहा है। रिसर्च और डेवलपमेंट (R&D) के लिए सरकार 70 फीसदी तक फंड दे रही है।
इस प्रोजेक्ट से देश की अपनी तकनीक को बढ़ावा मिलेगा और भारत का रक्षा तंत्र और भी मजबूत हो सकेगा।