गूगल क्लाउड के शशिकुमार श्रीधरन ने कहा- भारत बन सकता है AI लीडर
लीडर्स कनेक्ट इंडिया 2026 कार्यक्रम में गूगल क्लाउड इंडिया के प्रबंध निदेशक शशिकुमार श्रीधरन ने कहा कि भारत की अनोखी भाषाई विविधता और तेजी से बढ़ता डिजिटल माहौल इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में वैश्विक लीडर बना सकता है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि भारतीय कंपनियां अब सिर्फ AI के साथ प्रयोग ही नहीं कर रहीं, बल्कि उन्हें इसके सकारात्मक परिणाम भी मिलने लगे हैं, खासकर बैंकिंग और IT जैसे सेक्टर में फायदा हुआ है।
उनका मानना है कि भारत आवाज, वीडियो और क्षेत्रीय भाषाओं से जुड़े AI की उन चुनौतियों को सुलझा सकता है, जो दुनियाभर में अहमियत रखती हैं।
तेजी से बढ़ रहे एजेंटिक AI
अपने आप मुश्किल काम संभालने वाले एजेंटिक AI यहां तेजी से जोर पकड़ रहे हैं। श्रीधरन ने कंपनियों को भरोसा दिलाया कि अगर, वे अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर AI का इस्तेमाल करती हैं, तब भी उनका डाटा वहीं सुरक्षित रहेगा, जहां वह पहले से मौजूद है।
अपनी फुर्ती के चलते स्टार्टअप्स तेजी से जनरेटिव AI की दुनिया में कदम रख रहे हैं। हालांकि, बड़ी कंपनियां भी पीछे नहीं हैं, वे अपनी खास टीमें बना रही हैं और अपने नए प्रयोगों की रफ्तार बढ़ा रही हैं।