भारत-फ्रांस मिलकर 12-16 महीने में लॉन्च करेंगे 'तृष्णा' सैटेलाइट
भारत और फ्रांस मिलकर एक बार फिर एक नए सैटेलाइट मिशन पर काम कर रहे हैं, जिसका नाम 'तृष्णा' है। यह सैटेलाइट अगले 12 से 16 महीनों में लॉन्च होने के लिए लगभग तैयार है।
भारतीय अनुसंधान संगठन (ISRO) के यूआर राव सैटेलाइट सेंटर ने इस मिशन का ऐलान किया है। इस प्रोजेक्ट में दोनों देशों की अंतरिक्ष एजेंसियां एक साथ मिलकर अंतरिक्ष से पर्यावरण से जुड़ी मुश्किलों से निपटेंगी।
धरती के तापमान और पानी की करेगा निगरानी
'तृष्णा' सेटेलाइट को इसलिए बनाया गया है, ताकि यह धरती की सतह के तापमान पर नजर रख सके और पानी के स्रोतों के सही इस्तेमाल में मदद कर सके। जलवायु से जुड़ी समस्याएं जैसे-जैसे बढ़ रही हैं, ऐसे में यह जानकारी बहुत अहम होगी।
इस सैटेलाइट से जो भी डाटा मिलेगा, उसे पूरी दुनिया के साथ साझा किया जाएगा। इससे दुनियाभर के वैज्ञानिकों को काफी फायदा होगा।
इस सैटेलाइट में फ्रांस की राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसी सेंटर नेशनल डी'एट्यूड्स स्पैटियल्स (CNES) ने थर्मल इंफ्रा-रेड (TIR) पेलोड बनाया है, जबकि ISRO ने विजिबल-नियर इंफ्रा-रेड शॉर्ट वेव इंफ्रा-रेड (VNIR-SWIR) पेलोड तैयार किया है। ये दोनों पेलोड सैटेलाइट में लगे होंगे।
यह मिशन इस बात को भी दिखाता है कि जब अलग-अलग देश मिलकर विज्ञान से जुड़े जरूरी कामों पर हाथ मिलाते हैं तो कितने बड़े नतीजे सामने आ सकते हैं।