समय से पहले बाल सफेद होने की वजह का नए अध्ययन में खुला राज
हाल ही में एक अध्ययन में सामने आया है कि बालों का समय से पहले सफेद होना केवल आनुवंशिकी (जीन) का मामला नहीं है। शरीर में पोषक तत्वों की कमी, खासकर विटामिन B12 की कमी भी इसकी एक बड़ी वजह हो सकती है।
भारत में युवाओं पर हुई एक ताजा अध्ययन में पाया गया कि जिन लोगों के बाल जल्दी सफेद हो गए, उनके शरीर में विटामिन B12 का स्तर काफी कम था।
पर्निशियस एनीमिया जैसी बीमारियां इस समस्या को और गंभीर बना सकती हैं, जिनमें शरीर B12 को ठीक से सोख नहीं पाता है।
ये भी हो सकते हैं अन्य कारण
केवल विटामिन B12 ही नहीं, बल्कि विटामिन D, कैल्शियम और कई बार कॉपर की कमी का भी संबंध बालों के समय से पहले सफेद होने से देखा गया है।
इनके अलावा, ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस, ऑटोइम्यून बीमारियां, धूम्रपान और थायराइड की दिक्कतें भी बालों को जल्दी सफेद कर सकती हैं। ऐसे में, अगर आपके बाल उम्मीद से पहले सफेद हो रहे हैं तो केवल बाहरी देखभाल पर ही नहीं, बल्कि अंदरूनी स्वास्थ्य पर भी ध्यान देना बहुत जरूरी है।