IIT रोपड़, गूगल और सिंजेंटा ने शुरू किया हैकाथॉन 2026, इटली जाने का मौका
हैकाथॉन 2026 की शुरुआत हो चुकी है। यह एक अखिल भारतीय हैकाथॉन है, जिसे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रोपड़ के अन्नम डॉट AI ने गूगल और सिंजेंटा के साथ मिलकर शुरू किया है।
इसका मुख्य उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग करके खेती से जुड़ी बड़ी चुनौतियों का समाधान खोजना है। इस हैकाथॉन का मुख्य फोकस फसलों की सेहत की बेहतर जांच करना, कीटों पर अच्छे से नियंत्रण पाना, मिट्टी को गहराई से समझना, मौसम के हिसाब से खेती के नए तरीके खोजना और जैविक उत्पादों के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है।
21 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन
अगर, आप छात्र, डेवलपर, शोधकर्ता या फिर एग्री-टेक को लेकर बेहद उत्साहित हैं तो 21 जुलाई तक आप अन्नम डॉट AI की वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं।
विजेताओं को इटली में सिंजेंटा के शोध केंद्र जाने का मौका मिलेगा। साथ ही अपने प्रोजेक्ट को बनाने में मदद के लिए गूगल क्लाउड क्रेडिट्स भी दिए जाएंगे।
सभी प्रतिभागियों को उद्योग के विशेषज्ञों से मार्गदर्शन मिलेगा और उन्हें व्यावहारिक शोध का अनुभव भी प्राप्त होगा। अन्नम डॉट AI के डॉ. पुस्पेंद्र सिंह का कहना है कि इस पहल का मकसद बदलते मौसम में भारतीय किसानों के लिए नए समाधान ढूंढना है, ताकि वे बेहतर प्रदर्शन कर सकें।