IIT मद्रास देगा स्वार्म ड्रोन तकनीक सीखने का मौका
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मद्रास अगले साल 12-16 अक्टूबर तक 5 दिनों के ऑटोनॉमस स्वार्म ड्रोन टेक्नोलॉजी सिंपोजियम का आयोजन करेगा। यह ऑटोनॉमस पहल का हिस्सा होगा।
इस कार्यक्रम में भाग लेने वालों को अत्याधुनिक ड्रोन तकनीक का सीधा अनुभव मिलेगा। इसमें क्वाडकॉप्टर्स बनाना, सिमुलेशंस चलाना और ड्रोन स्वार्म्स (ड्रोन के झुंड) के काम करने के तरीकों को सीखना शामिल होगा।
विशेषज्ञ सिखाएंगे ड्रोन से जुड़े अहम विषय
इस कार्यक्रम में स्वार्म इंटेलिजेंस, मल्टी-ड्रोन कोऑर्डिनेशन और ऑटोनॉमस नेविगेशन जैसे विषयों को विस्तार से समझाया जाएगा।
IIT मद्रास के एयरोस्पेस इंजीनियरिंग विभाग के विशेषज्ञ इन विषयों को पढ़ाएंगे। इसके अलावा, आपको उद्याेग के पेशेवरों से मिलने और किसी ड्रोन टेक कंपनी का दौरा करने का भी मौका मिलेगा।
अगर, आप ड्रोन के बारे में जानने के लिए उत्सुक हैं या इस तेजी से बढ़ते क्षेत्र में अपनी जगह बनाना चाहते हैं तो यह कार्यक्रम आपके लिए एक शानदार अवसर हो सकता है। रजिस्ट्रेशन से संबंधित सवालों के लिए aero.events@smail.iitm.ac.in पर संपर्क कर सकते हैं।