IIT मद्रास ने विमानों के लिए बनाए आकार बदलने वाले पंख
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मद्रास के शोधकर्ताओं ने हवाई जहाज के पंखों के लिए एक नई आकार बदलने वाली स्किन तैयार की है।
यह स्किन उड़ान के दौरान अपना आकार बदल सकती है, ठीक वैसे ही जैसे पक्षी उड़ते वक्त अपने पंख मोड़ते हैं। यह नई तकनीक विमान को अचानक रुकने के खतरे से बचाएगी, जिसे 'स्टॉल' कहा जाता है।
इससे विमान को बेहतर लिफ्ट मिलेगी और ईंधन भी कम खर्च होगा, जिससे उड़ानें ज्यादा किफायती हो जाएंगी। खासकर टेकऑफ और लैंडिंग जैसे नाजुक मौकों पर यह तकनीक बेहद फायदेमंद रहेगी।
पुराने विमानों में भी उपयोग हो सकेगी तकनीक
यह तकनीक प्रकृति से प्रेरित है और इसमें स्मार्ट सामग्री का इस्तेमाल किया गया है, जो तुरंत अपना आकार बदल सकती है।
इसे कंप्यूटर सिमुलेशन और विंड टनल में टेस्ट किया गया है। सबसे खास बात यह है कि इसे केवल नए विमानों में ही नहीं, बल्कि पुराने विमानों पर भी आसानी से लगाया जा सकता है।
शोधकर्ताओं का मानना है कि इस खोज से भविष्य में यात्री विमानों से लेकर ड्रोन तक हर तरह की उड़ानों में ईंधन की बचत होगी और वायु प्रदूषण भी घटेगा।
उनके इस शोध को यूरोपियन जर्नल ऑफ मैकेनिक्स- B/फ्लूइड्स में प्रकाशित किया गया है।