IIT कानपुर ने अप्लाइड मशीन लर्निंग और एजेंटिक AI कोर्स के लिए शुरू किया तीसरा बैच
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर अपने ऑनलाइन कोर्स 'अप्लाइड मशीन लर्निंग और एजेंटिक AI' का तीसरा बैच शुरू करने जा रहा है।
यह कोर्स 1 दिसंबर से शुरू होकर 19 जनवरी, 2027 तक चलेगा। इस प्रोग्राम का मकसद आपको असल दुनिया में काम आने वाले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग के हुनर सिखाना है। इसमें आपको पायथन के बुनियादी सिद्धांत, डीप लर्निंग, जेनरेटिव AI टूल्स और ऑटोनॉमस एजेंट जैसी चीजें सिखाई जाएंगी।
विशेषज्ञों से मिलेगी खास जानकारी
इस कोर्स में आपको 7 खास मॉड्यूल्स मिलेंगे। साथ ही, हर सप्ताह मेहमान विशेषज्ञों के व्याख्यान भी आयोजित किए जाएंगे।
ये विशेषज्ञ IIT दिल्ली, भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc) बेंगलुरु, यूनिवर्सिटी ऑफ ग्लासगो, सोनी रिसर्च इंडिया और रोब्लॉक्स जैसे नामी संस्थानों से होंगे।
कोर्स में पहले से रिकॉर्ड किए गए वीडियो पाठों के साथ-साथ लाइव सेशन भी होंगे, जिससे आप व्यावहारिक तरीके से सीख पाएंगे। जो लोग जल्दी रजिस्ट्रेशन करवाएंगे उन्हें 30 सितंबर तक दाखिला लेने पर खास छूट मिलेगी। कोर्स पूरा होने के बाद छात्रों को एक सर्टिफिकेट, एक प्रोजेक्ट सर्टिफिकेट और IIT कानपुर के खास मर्चेंडाइज भी दिए जाएंगे।