IIT कानपुर ने शुरू किया ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स, AI में करियर बनाने का मौका
भारतीय प्रौद्योगिक संस्थान (IIT) कानपुर 3 अक्टूबर से 6 महीने का एक नया ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स शुरू कर रही है। इस कोर्स का नाम एडवांस्ड डाटा साइंस और मशीन लर्निंग फोर बिजनेस एनालिटिक्स है।
यह कोर्स नौकरीपेशा लोगों के लिए खास तौर पर डिजाइन किया गया है। इसमें वीकेंड पर लाइव क्लासेस होंगी, जिससे आप अपना करियर बिना रोके नए कौशल सीख सकेंगे।
क्या है इस सर्टिफिकेट की पात्रता और फीस?
अगर, आप चाहें तो 3 महीने पूरे होने पर कोर्स से बाहर निकलकर पार्टिसिपेशन सर्टिफिकेट ले सकते हैं या फिर पूरा कोर्स खत्म करके कंप्लीशन सर्टिफिकेट हासिल कर सकते हैं।
इस कोर्स में दाखिला लेने के लिए ग्रेजुएशन में आपके कम से कम 55 फीसदी अंक होने चाहिए। अगर, आपके पास ग्रेजुएशन में 40 फीसदी अंक हैं तो संबंधित क्षेत्र में 3 साल का काम का अनुभव भी चलेगा। इस कोर्स में आपको पायथन, डाटा एनालिसिस, विजुअलाइजेशन, मशीन लर्निंग और जेनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे विषय पढ़ाए जाएंगे।
इन सभी को असली बिजनेस केस स्टडीज के जरिए सिखाया जाएगा। कोर्स की फीस 85,000 रुपये है, जिस पर GST अलग से लगेगा। आप चाहें तो इसे 2 किस्तों में भी चुका सकते हैं।