IIT दिल्ली ने लॉन्च किया AI और रोबोटिक्स के लिए एडवांस्ड सर्टिफिकेट कोर्स
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली ने अपने 'एडवांस्ड सर्टिफिकेट प्रोग्राम इन स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग एंड फ्यूचर फैक्ट्रीज' के लिए आवेदन मंगाने शुरू कर दिए हैं।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) या रोबोटिक्स में रुचि रखने वाले और तकनीक पर आधारित उद्योगों के भविष्य के लिए अपने कौशल को बढ़ाना चाहने वालों के लिए यह 6 महीने का ऑनलाइन प्रोग्राम एक अच्छा मौका हो सकता है। इस प्रोग्राम के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 15 नवंबर है।
कोर्स के लिए क्या होगी पात्रता?
यह कोर्स 14 फरवरी 2027 से शुरू होगा। इसमें IIT दिल्ली के संकाय सदस्य सीधे परस्पर संवादात्मक सत्र के जरिए पढ़ाएंगे। इस कोर्स का आयोजन मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग कर रहा है। BE/BTech./ME/MTech पास कर चुके छात्र, जिनके पास एक साल का काम का अनुभव है, वे आवेदन कर सकते हैं।
दूसरी तरफ, डिप्लोमा धारकों को 2 साल के संबंधित काम के अनुभव की जरूरत होगी। अच्छे तकनीकी कौशल वाले नए छात्रों को भी आवेदन करने का मौका मिल सकता है। इसकी फीस 2.5 लाख रुपये रखी गई है, जिस पर GST अलग से लगेगा। इस रकम को किस्तों में चुकाने की सुविधा भी मिलेगी।
इस कोर्स में आपको डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमेशन और साइबर सुरक्षा जैसी चीजें सीखने को मिलेंगी। यह उन लोगों के लिए खास है, जो भविष्य की फैक्ट्रियों के लिए अपने कौशल को और मजबूत करना चाहते हैं।